झाड़ोल (उदयपुर)। राजस्थान के उदयपुर जिले के झाड़ोल उपखण्ड अंतर्गत ग्राम सगपुरा में श्मशान घाट की आरक्षित भूमि पर अवैध निर्माण और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सगपुरा के समस्त ग्रामवासियों ने एकजुट होकर उपखण्ड अधिकारी झाड़ोल को एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए श्मशान की बाउंड्रीवाल तोड़कर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को तुरंत रुकवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

प्रार्थीगणों ने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम सगपुरा में राजस्व रिकॉर्ड के खाता संख्या 154 और रकबा 0.10 हेक्टेयर भूमि श्मशान घाट के नाम से आरक्षित है, जिसकी सुरक्षा हेतु सरकारी मद से चारों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण करवाया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि दिनांक 12 अप्रैल 2026 की रात्रि को सृष्टि सेवा समिति के संस्थापक नरेश मादावत और संस्था के कार्यकर्ता सोहन जन्नावत ने जेसीबी मशीन की सहायता से श्मशान की सरकारी बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। बाउंड्रीवाल तोड़ने के पश्चात उक्त भूमि पर खुदाई कर अवैध रूप से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जो वर्तमान में भी मौके पर जारी है।

ग्रामीणों ने इस प्रकरण में प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। शिकायत में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया गया है कि यह अवैध निर्माण कार्य प्रशासक, सरपंच और स्थानीय वार्ड पंच की मिलीभगत से संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी नरेश मादावत द्वारा श्मशान के समीप स्थित नदी पेटे की जमीन पर भी अवैध कब्जा कर लिया गया है। ग्रामीणों ने राजस्व रिकॉर्ड की जमाबंदी संलग्न करते हुए तहसीलदार झाड़ोल के माध्यम से मांग की है कि श्मशान की भूमि पर हो रहे इस अवैध निर्माण को तुरंत बंद करवाया जाए और मौके पर किए गए ढांचे को हटाकर सरकारी संपत्ति को संरक्षित किया जाए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story