झाडोल चार्ज में जनगणना 2027 के तहत रिकॉर्ड और डिजिटल प्रविष्टियों की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने फील्ड स्तर पर औचक निरीक्षण किया।

झाडोल। जनगणना 2027 के अंतर्गत भवन एवं मकान सूचीकरण कार्य की निष्पक्षता और सटीकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झाडोल चार्ज में सघन एवं गहन निरीक्षण का अभियान निरंतर जारी है। चार्ज अधिकारी सीताराम बोलीवाल के कुशल नेतृत्व में संचालित इस अभियान के क्रम में आज सर्किल ओगणा, ओडा एवं थोबावाड़ा में कार्य का औचक निरीक्षण किया गया। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान समस्त सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों के रिकॉर्ड, ले-आउट और डिजिटल प्रविष्टियों का गहन भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण टीम ने फील्ड स्तर पर तैनात प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को कार्य की प्रभावशीलता बढ़ाने और पर्यवेक्षण संबंधी आवश्यक संबलन प्रदान किया।


निरीक्षण प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाते हुए चार्ज सहायक एवं जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर दल के सदस्य मनीष जोशी, सुधीर जोशी, मनोज जोशी एवं सूर्य प्रकाश जोशी ने व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक प्रगणक द्वारा की गई डिजिटल प्रविष्टियों का सूक्ष्म अवलोकन किया। इस दौरान प्रशिक्षक दल ने प्रगणकों को महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए शौचालय, पेयजल उपलब्धता, बिजली की स्थिति तथा आवासीय व गैर-आवासीय संरचनाओं की पहचान जैसे जटिल प्रश्नों के संबंध में नागरिकों से सटीक उत्तर प्राप्त करने की विधियों पर विस्तृत चर्चा की। चार्ज अधिकारी एवं जिला स्तरीय दक्ष प्रशिक्षक दल ने सभी 34 प्रश्नों को पूर्ण सटीकता के साथ भरने के मानक निर्धारित करते हुए फील्ड स्टाफ के कार्यों की समीक्षा की और उन्हें जनगणना कार्य में त्रुटिहीन प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। यह निरंतर निरीक्षण और मार्गदर्शन का प्रयास जनगणना 2027 के डेटा को त्रुटिहीन बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story