उपखंड झाड़ोल के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को आधुनिक बनाने और भौतिक संसाधनों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अंत्योदय फाउंडेशन मुंबई द्वारा महत्वपूर्ण सामग्री भेंट की गई। इस पहल के अंतर्गत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय क्यारियां, राजकीय प्राथमिक विद्यालय खाड़िया तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुजेला में अंत्योदय फाउंडेशन मुंबई के दानदाता रमेश बापना तथा स्थानीय विद्यालय के सांझा प्रयासों से संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेताजी का बारा में स्थानीय विद्यालय के अध्यापक बाबूलाल भट्ट तथा फाउंडेशन के सांझा आर्थिक सहयोग से भामाशाह प्रेरक अध्यापक नरेश लोहार की प्रेरणा से साउंड सिस्टम प्रदान किए गए।

शैक्षिक तकनीकी और संसाधनों का विस्तार

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आदिवास में स्मार्ट कक्षा कक्ष हेतु स्मार्ट टीवी सेट तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोराणा में स्वचालित इलेक्ट्रिक घंटी भेंट की गई। इन समस्त भौतिक साधनों के सहयोग से विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा प्रार्थना सभा को संगीतमय तथा रोचक बनाने में मदद मिलेगी। स्मार्ट कक्षा कक्ष से विद्यार्थी समय-समय पर सरकार तथा विभाग द्वारा होने वाले वीडियो कॉन्फ्रेंस आदि लाइव कार्यक्रमों से भी जुड़ पाएंगे तथा ऑनलाइन कंटेंट के माध्यम से अपना पाठ्यक्रम भी पढ़ पाएंगे। स्वचालित इलेक्ट्रिक घंटी के माध्यम से विद्यालय के कालांश निश्चित समय पर प्रारंभ होंगे जिससे विद्यार्थियों में समय की पाबंदी और अपनी कक्षा कक्ष में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहयोग मिलेगा।

प्रेरक शिक्षक नरेश लोहार की विशेष भूमिका

ज्ञातव्य है कि इससे पूर्व भी झाड़ोल ब्लॉक के 150 से ज्यादा राजकीय विद्यालयों में अध्यापक नरेश लोहार के प्रयासों से अंत्योदय फाउंडेशन मुंबई द्वारा टीवी, कंप्यूटर, साउंड सिस्टम, इलेक्ट्रिक बेल, प्रोजेक्टर, खिलौना सेट, स्टेशनरी आदि भेंट कर जनजाति क्षेत्र के इन सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के हित में सहयोग किया गया है। वितरण कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के कर्मचारी जिसमें प्रियंका शर्मा, लहरूलाल जोशी, दिलीप कुमार मीणा, किशन लाल गरासिया, जगदीश मीणा, अंबालाल तेली, ओम प्रकाश पुरबिया, लोकेश त्रिवेदी, भगवती लाल, सीमा डूंगरी, रमेश चंद शर्मा, परवेज अख्तर, रीना मेघवाल, नितेश शर्मा सहित कुक कम हेल्पर तथा ग्रामीण आदि उपस्थित रहे।

आभार एवं मंगलकामनाएं

समस्त विद्यालय परिवारों द्वारा अंत्योदय फाउंडेशन तथा प्रेरक अध्यापक लोहार का आभार प्रकट करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की गई। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन आधुनिक उपकरणों के आने से न केवल शिक्षण कार्य सुगम होगा, बल्कि ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को भी शहरी क्षेत्रों जैसी सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story