30 अगस्त को जवास में होगा जिनशासन रक्षक यक्ष-यक्षी प्रतिष्ठापना महोत्सव, आदिनाथ निलयम वसतिका का शिलान्यास
जवास में 30 अगस्त को जिनशासन रक्षक यक्ष-यक्षी प्रतिष्ठापना और आदिनाथ निलयम वसतिका शिलान्यास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

तस्वीर में जवास में आयोजित बैठक के दौरान कुर्सियों पर बैठकर चर्चा करते आदिनाथ ट्रस्ट मण्डल के पदाधिकारी और सदस्य।
जवास स्थित आदिनाथ ट्रस्ट मण्डल की बैठक में 30 अगस्त को आयोजित होने वाले जिनशासन रक्षक यक्ष-यक्षी प्रतिष्ठापना एवं आदिनाथ निलयम वसतिका शिलान्यास महामहोत्सव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ट्रस्ट अध्यक्ष भरत जैन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष भरत जैन एवं महामंत्री सचिन गनोडिया ने बताया कि बैठक में रक्षक देव स्थापनाकर्ता, सह-शिलान्यासकर्ता, भोजन दाता, विधान में बैठने वाले इन्द्र-इन्द्राणियों के चयन सहित ताम्र, रजत एवं स्वर्ण शीला से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही कार्यक्रम की पत्रिका छपाई एवं आयोजन की पूरी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
उपाध्यक्ष मिथिलेश भंवरा एवं संगठन मंत्री पुष्पदन्त मेहता ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य श्यामसुन्दर कोठारी ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को आचार्य निर्भय सागर गुरुदेव एवं मुनि शैलनंदी गुरुदेव का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है।
प्रतिष्ठाचार्य पण्डित सुधीर मार्तण्ड ने बताया कि जवास का यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है। यहां स्थापित जिनशासन रक्षक यक्ष-यक्षी की मूर्तियां पूर्व में खण्डित हो गई थीं। नई प्रतिष्ठापना से तीर्थ की धार्मिक गरिमा बढ़ने के साथ-साथ जवास क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। सम्पूर्ण प्रतिष्ठा महोत्सव उनके सानिध्य में सम्पन्न होगा।
बैठक में ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ट्रस्टी उपस्थित रहे। आयोजन में लगभग दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए भोजन, आवास, यातायात, स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
