पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, मावली में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि नवोदय विद्यालय समिति, क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर के सहायक आयुक्त रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों एवं उपस्थित स्टाफ सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से वंदे मातरम गीत गाने के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण से पहले विद्यालय के प्राचार्य श्री घनश्याम मीना ने NLI से पधारे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के बाद विद्यालय के एनसीसी, स्काउट एवं बैंड दल तथा समस्त सदनों के दलों ने तिरंगे झंडे को सलामी देते हुए आकर्षक मार्चपास्ट किया।

मार्चपास्ट के बाद कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने झंडा गीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री घनश्याम मीना ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग से मिली है और इसे हमें अक्षुण्ण बनाए रखना होगा।

प्राचार्य के उद्बोधन के बाद विद्यालय की छात्राओं ने चिरमी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद दर्शिका कुंवर ने स्वतंत्रता दिवस पर अपना भाषण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात विद्यालय की कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों ने योग नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत एवं भंवई नृत्य भी प्रस्तुत किए। शिक्षक उद्बोधन डॉ. दशरथ कुमार बुटोलिया, पीजीटी भूगोल द्वारा प्रस्तुत किया गया। समारोह के अंत में विद्यालय की छात्राओं ने प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत किया।

समारोह के मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को आजादी के पर्व के बारे में जानकारी देते हुए देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया। समारोह का धन्यवाद ज्ञापन श्री मोहन जांगिड, पीजीटी गणित ने किया।

समारोह समाप्त होने के बाद विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया। इस प्रकार विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मार्चपास्ट और राष्ट्रध्वज को सलामी के साथ संपन्न हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story