जनजातीय गौरव सम्मान: पात्र व्यक्तित्वों के नामांकन 21 मई तक आमंत्रित
उदयपुर के आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान की मेल आईडी पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय नायकों के प्रस्ताव भेजे जा सकेंगे।

केन्द्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देश पर जनजातीय गौरव उत्सव के अंतर्गत जनजातीय गौरव सम्मान प्रदान किए जाने हेतु पात्र जनजातीय नायकों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों के नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल के तहत जनजातीय समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयुक्त, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ऐसे जनजातीय व्यक्तित्वों के नाम प्रस्तावित किए जा सकते हैं, जिन्होंने समाज सेवा, सांस्कृतिक नेतृत्व, शिक्षा, संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान, नवाचार, आजीविका विकास सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हों। विभाग ने जिला स्तर पर जनजातीय क्षेत्र के उत्कृष्ट एवं सृजनशील व्यक्तियों के नामांकन निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं।
नामांकन के साथ संबंधित व्यक्तित्व का पूर्ण विवरण, किए गए कार्यों का संक्षिप्त विवरण, फोटो तथा आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। सभी प्रस्ताव माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर की मेल आईडी पर निर्धारित तिथि 21 मई तक भेजे जा सकेंगे।
जनजातीय गौरव उत्सव के तहत शुरू की गई यह प्रक्रिया जनजातीय समाज के उन प्रेरणादायी चेहरों को पहचान और सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर समाज को नई दिशा दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
