जनजाति सुरक्षा मंच की दिल्ली गर्जना रैली: धर्मांतरण के खिलाफ कानून की मांग
कोलियारी में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी की मौजूदगी में बनी रणनीति, 24 मई को दिल्ली में प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन।

कोलियारी, झाडोल। राजस्थान के कोलियारी स्थित मोहन आश्रम में आज 29 मार्च को जनजाति सुरक्षा मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 24 मई 2026 को दिल्ली में आयोजित होने वाली भव्य 'गर्जना रैली' की रूपरेखा तैयार की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में वक्ताओं ने जनजाति समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक संरक्षण के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि दिल्ली कूच के दौरान प्रधानमंत्री को एक विशेष ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से देश में धर्मांतरण पर पूर्ण अंकुश लगाने हेतु कठोर कानून बनाने तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से दोहरा लाभ ले रहे व्यक्तियों को सूची से पृथक करने की प्रमुख मांग उठाई जाएगी।
बैठक के मुख्य वक्ता राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पंचोली, परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व आईजी थावरचंद डामोर तथा राजस्थान सरकार के जनजाति कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति और पहचान की रक्षा हेतु एकजुट हों। उन्होंने घोषणा की कि झाडोल विधानसभा क्षेत्र से लगभग 1500 बंधु अपनी पारंपरिक वेशभूषा में इस रैली का हिस्सा बनकर दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ प्रचारक मनफूल सिंह, सुरक्षा मंच के जिला संयोजक मोहन घागी, भंवर कठेरिया, मन्नालाल, डॉ. भीमरा बडेरा, भाजपा नेता मनीष पुरोहित, भोपाल सिंह शाखावत, भेरूलाल प्रजापत, बंशीलाल बडेरा, दीप सिंह, घुलाराम भगोरा, प्रदेश संगठन मंत्री रतन डामोर तथा जिला संगठन मंत्री हीरालाल सहित विभिन्न सरपंच एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। झाडोल विधानसभा मीडिया संयोजक जीतू भाई शुक्ला ने बताया कि यह बैठक जनजाति समाज के अस्तित्व और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एक निर्णायक कदम सिद्ध होगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
