जयपुर में 29 नवंबर को जैन पत्रकार महासम्मेलन, शैलेंद्र गोधा को मिलेगा राजा श्रेणिक पुरस्कार
29 नवंबर 2026 को जयपुर के चाकसू में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पत्रकार महासम्मेलन में दैनिक समाचार जगत के संपादक शैलेंद्र गोधा को राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

जयपुर के चाकसू स्थित गोलोक धाम में प्रवचन देते हुए परम पूज्य आचार्य प्रज्ञासागर जी महाराज।
जयपुर। जैन समाज के विचारकों, पत्रकारों, लेखकों और विद्वानों का महासम्मेलन 29 नवंबर 2026 को जयपुर के चाकसू स्थित गोलोक धाम में आयोजित होगा। जैन पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में होने वाले इस राष्ट्रीय पत्रकार महासम्मेलन में वैचारिक गोष्ठी के साथ राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार 2026 भी प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार दैनिक समाचार जगत के संपादक शैलेंद्र गोधा, जयपुर को दिया जाएगा।
परम पूज्य आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज ससंघ का चातुर्मास गोलोक धाम चाकसू, जयपुर में चल रहा है। चातुर्मास स्थापना के बाद से अब तक आचार्य श्री के सानिध्य में कई ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हो चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है।
इसी क्रम में 3 नवंबर 2026 को जैन समाज के वैचारिक राष्ट्रीय संगठन जैन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गोलोक धाम पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने वहां नवनिर्मित गौशाला का अवलोकन किया तथा आचार्य श्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर जैन महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि आचार्य श्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान महावीर स्वामी के शासनकाल में 60 हजार प्रश्न पूछने वाले राजा श्रेणिक अब तक के सबसे बड़े पत्रकार हुए हैं। उन्होंने जैन पत्रकारिता में सत्य, निष्पक्षता और धर्म प्रवर्तक विचारधारा को मजबूती देने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इसी उद्देश्य से श्री महावीर तपोभूमि परिवार उज्जैन की ओर से प्रदत्त राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार 2026 इस बार दैनिक समाचार जगत के संपादक शैलेंद्र गोधा, जयपुर को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 29 नवंबर को गोलोक धाम में जैन पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में आयोजित पत्रकार महासम्मेलन के दौरान दिया जाएगा। वर्ष 2025 में यह पुरस्कार शिक्षा नगरी कोटा में दैनिक विश्व परिवार के संपादक प्रदीप जैन, रायपुर, छत्तीसगढ़ को प्रदान किया गया था।
महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर जैन पत्रकार महासंघ की कार्यकारिणी और विशेष आमंत्रित सदस्यों की बैठक 5 नवंबर को जयपुर स्थित भट्टारक जी की नसिया में आयोजित हुई। वरिष्ठ पत्रकार बलवंत राज मेहता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्णय लिया गया कि पत्रकार सम्मेलन में देशभर के पत्रकारों, लेखकों और विद्वानों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। महासम्मेलन के दौरान वैचारिक गोष्ठी का भी आयोजन होगा।
कार्यक्रम को गति देने और आयोजन की जिम्मेदारियां तय करने के लिए राकेश जैन चपलमन, कोटा को मुख्य संयोजक बनाया गया है। वहीं दीपक गोधा, मनोज जैन और सुरेंद्र कुमार बडजात्या, जयपुर को संयोजक मनोनीत किया गया है।
कार्यक्रम के आयोजकों में चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन बैनेठा वाले, महामंत्री पारस जैन बाकलीवाल निमोडिया वाले, राजीव जैन गाजियाबाद, प्रकाश बाकलीवाल और देवेंद्र बाकलीवाल जयपुर शामिल होंगे।
बैठक में डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री महेंद्र बैराठी, बलवंत राज मेहता, दीपक गोधा, मनोज जैन, सुरेंद्र कुमार जैन बडजात्या, ज्ञानचंद पाटनी, मनोज सोगानी और मनीष वैद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन उदयभान जैन ने किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
29 नवंबर को प्रस्तावित यह महासम्मेलन जैन पत्रकारिता में सत्य और निष्पक्षता के मूल्यों के साथ वैचारिक संवाद तथा देशभर के पत्रकारों, लेखकों और विद्वानों के एक मंच पर जुटने का अवसर बनेगा।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
