खेरोदा, 29 सितंबर। खेरोदा कस्बे के जैन स्थानक भवन में आयोजित धर्मसभा में मेवाड़ प्रवर्तक कोमल मुनि म.सा. के पावन सान्निध्य में संघ उत्थान, संगठन और अनुशासन विषय पर प्रेरक उद्बोधन हुआ। धर्मसभा में संघ और समाज को सशक्त बनाने के लिए परस्पर सहयोग, संगठन तथा अनुशासित जीवन शैली को आवश्यक बताया गया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मेवाड़ प्रवर्तक कोमल मुनि ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और संघ या संस्थाओं को सशक्त बनाने का आधार स्वयं का श्रम, पुरुषार्थ और परस्पर सहयोग है। उन्होंने कहा कि यह संघ पूर्वजों और संतों के अथक श्रम व पुरुषार्थ से सींचा गया है। हर घर जाकर स्नेह और धर्म की अलख जगाई गई है। रिश्तों के उपकारों को कभी चुकाया नहीं जा सकता।

उन्होंने ‘परस्परोपग्रहो जीवानाम्’ के दिव्य सूत्र को जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर जीव में परमात्मा का वास है और सभी के प्रति यही समभाव रखना चाहिए। समाज में परस्पर प्रेम, आत्मीयता और सद्भाव होने पर ही संघ सुदृढ़ होता है और प्रभु का ज्ञान सार्थक सिद्ध होता है। मन-मुटाव और समझ के अभाव से विवाद पनपते हैं। जब तक भेदभाव समाप्त नहीं होंगे, तब तक तप और अनुष्ठान भी पूर्ण फलदायी नहीं हो सकते।

अध्ययनशील सेवारत्न हर्षित मुनि ने समाज और संस्थाओं की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज संगठन और अनुशासन दो प्रमुख विषय हैं, जिन पर विशेष ध्यान देने की महती आवश्यकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हम इन दोनों ही पैमानों पर निरंतर पिछड़ते जा रहे हैं। अलग-अलग धाराएं, बिखरी हुई सोच और व्यक्तिगत मतभेद समाज को उसी तरह कमजोर कर रहे हैं, जैसे किसी नदी से अलग होकर शाखाएं सूख जाती हैं।

हर्षित मुनि ने गुरुदेव मगन मुनिजी म.सा. की पावन सीख का स्मरण कराते हुए कहा कि गुरुदेव सदैव संगठन को सर्वोपरि मानते थे और फरमाते थे—“संगठन की वीणा बजने दो, मोहे मधुर-मधुर धुन सुनने दो।” उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक घटक को एकजुट होकर अनुशासनबद्ध जीवन शैली अपनानी चाहिए। तभी संघ और समाज का वास्तविक कल्याण संभव है।

कार्यक्रम के अंत में वर्द्धमान जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष सुनील कूकड़ा, मंत्री मुकेश डांगी एवं संयोजक अरविंद बड़ाला ने संतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने संतों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने और संगठन को अनुशासित रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story