इस्कॉन उदयपुर: बच्चों के लिए 2 जून से सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर
गंगू कुंड स्थित जगन्नाथ मंदिर में 4 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए आयोजित इस शिविर में वैदिक शिक्षा, कला और योग जैसी रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उदयपुर के गंगू कुंड स्थित इस्कॉन जगन्नाथ मंदिर में 4 से 14 वर्ष तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आगामी 2 जून से सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। बच्चों की रचनात्मकता और बौद्धिक क्षमता को निखारने के लिए आयोजित यह शिविर 2 जून से 8 जून तक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होगा। मंदिर अध्यक्ष मायापुर वासी प्रभु के अनुसार, शिविर का संचालन प्रभारी निमाईप्रिया माता जी के कुशल निर्देशन में किया जाएगा, जिसमें बच्चों को आधुनिक कौशल के साथ-साथ पारंपरिक वैदिक मूल्यों का भी ज्ञान प्रदान किया जाएगा।
शिविर के दौरान बच्चों के लिए कला एवं शिल्प, क्ले पॉटरी, जादू, योग-ध्यान एवं फिटनेस, टाई एंड डाई, टैटू, बिना आग के भोजन बनाना, व्यक्तित्व विकास, मनोरंजक खेल, वैदिक शिक्षाप्रद गतिविधियां, ब्रेन जिम एवं वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण जैसे विविध पाठ्यक्रमों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। यह शिविर न केवल बच्चों को विभिन्न रचनात्मक विधाओं में निपुण बनाएगा, बल्कि उनके व्यक्तित्व में निखार लाकर उन्हें अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में भी सहायक सिद्ध होगा। इस्कॉन मंदिर प्रशासन द्वारा बच्चों के लिए आयोजित यह अनूठी पहल भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य और उनके शारीरिक व मानसिक विकास के प्रति मंदिर की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

