संमिधा दृष्टि दिव्यांग छात्रावास के दृष्टिबाधित विद्यार्थी ईश्वरलाल मीणा ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल करते हुए राजस्थान शिक्षा विभाग की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 में चयन प्राप्त किया है। पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ऋषभदेव में नियुक्ति मिलने के बाद संमिधा संस्थान एवं छात्रावास परिवार में खुशी का माहौल है।

संमिधा संस्थान द्वारा संचालित संमिधा दृष्टि दिव्यांग छात्रावास, सामुदायिक भवन, सेक्टर-14, उदयपुर में रहकर पिछले पाँच वर्षों से अध्ययन कर रहे ईश्वरलाल मीणा ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर तैयारी के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।

संमिधा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. चंद्रगुप्त सिंह ने ईश्वरलाल मीणा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक विद्यार्थी की उपलब्धि नहीं है, बल्कि सभी दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ईश्वरलाल की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित मेहनत और सही मार्गदर्शन मिलने पर दिव्यांगता सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती।

ईश्वरलाल मीणा के चयन से छात्रावास में अध्ययनरत अन्य दृष्टिबाधित विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है। विद्यार्थी उन्हें अपना आदर्श मानते हुए सरकारी सेवा में जाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। छात्रावास में इन दिनों बधाइयों और प्रेरणादायक चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

अपनी सफलता पर ईश्वरलाल मीणा ने साथियों को संदेश देते हुए कहा, "सरकारी भर्तियाँ कितने भी पदों के लिए निकलें, यदि हम पहले से पूरी तैयारी के साथ मेहनत करें और मन में यह ठान लें कि एक पद हमारा ही है, तो सफलता निश्चित मिलती है। निरंतर पढ़ाई, आत्मविश्वास और धैर्य ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।" उन्होंने सभी विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने और कभी हार न मानने का आह्वान किया।

संमिधा दृष्टि दिव्यांग छात्रावास पिछले छह वर्षों से बिना किसी राजकीय आर्थिक सहयोग के समाज के सहयोग से पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया जा रहा है। छात्रावास में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को आवास, भोजन, अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण, मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं। छात्रावास से अध्ययन कर अब तक अनेक विद्यार्थी विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएँ प्राप्त कर चुके हैं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं।

डॉ. चंद्रगुप्त सिंह ने समाजसेवियों एवं भामाशाहों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों को जनसहयोग की निरंतर आवश्यकता रहती है। समाज के सहयोग से ही आर्थिक रूप से कमजोर दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी छात्रावास से अनेक विद्यार्थी प्रशासन, शिक्षा, पुलिस एवं अन्य सरकारी सेवाओं में चयनित होकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी, छात्रावास के विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं शुभचिंतकों ने ईश्वरलाल मीणा का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story