पटना। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के स्टार ईशान किशन मंगलवार दोपहर पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद खेल विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी उनसे मुलाकात की और बिहार सरकार की ओर से उन्हें बधाई दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए ईशान किशन ने कहा कि "इंडिया टीम जीती है, काफी अच्छा लग रहा। हम लोगों के लिए गर्व की बात है कि आज टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 फॉर्मेट में वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। मेरी कोशिश रहेगी कि हमलोग इस खिताब को बरकरार रखें। और, भी बेहतर खेल दिखाएं ताकि युवाओं को प्रेरणा मिले। टीम इंडिया ऐसे ही जीतते रहे।"

विवादास्पद सवाल पर ईशान की प्रतिक्रिया

कीर्ति आजाद के बयान पर ईशान ने कहा कि "हम लोग जितना अच्छा खेलेंगे, आने वाली पीढ़ी उससे प्रेरणा लेगी। मैं चाहता हूं कि युवा अधिक से अधिक इस खेल में आएं।" उन्होंने पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के मंदिर जाने वाले सवाल पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि "इस सवाल का कोई स्तर ही नहीं है। मैं इस तरह के सवालों जवाब देना उचित नहीं समझता हूं। इंडिया टीम वर्ल्ड कप जीती है। मूड बहुत अच्छा है। आप लोगों से अपील है कि केवल जीत और क्रिकेट पर बात करें।" युवाओं को ईशान किशन ने मैसेज देते हुए कहा कि हमेशा अपना खेल खेलते रहें, मैदान में अधिक से अधिक प्रैक्टिस करें, हमेशा खेलते और जीतते रहें।

कीर्ति आजाद के गंभीर आरोप

पूर्व क्रिकेटर और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद ने विश्व कप में जीत के बाद भारतीय टीम के मंदिर जाने के मामले पर सवाल उठाया। टीएमसी सांसद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि "भारतीय टीम मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च क्यों नहीं गई? विश्व कप की ट्रॉफी भारत के 140 करोड़ लोगों की है जिसमें सभी धर्म को मानने वाले शामिल हैं। यह जीत सभी की है इसलिए विजय यात्रा किसी एक धर्म की नहीं होनी चाहिए।" उन्होंने इस घटना को शर्मनाक तक कह दिया था।

ईशान किशन का पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन

ईशान किशन के लिए यह टूर्नामेंट बेहद शानदार रहा। झारखंड के इस बल्लेबाज ने पूरे वर्ल्ड कप में धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नौ मैचों में 317 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 193.29 का रहा। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए और टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। फाइनल में भी उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन बनाए और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story