फतहनगर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर विकल्प संस्थान, उदयपुर की ओर से मावली ब्लॉक क्षेत्र की 32 किशोरियों के लिए एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किशोरियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और रोजगार से जुड़ी जानकारियां प्राप्त करने के साथ सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को जागरूक बनाना, डिजिटल सुरक्षा की जानकारी देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के तहत किशोरियों ने खण्ड मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खण्ड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय और फतेहनगर पुलिस थाने का भ्रमण किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उन्हें सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य के अवसरों की जानकारी दी।

खण्ड मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में किशोरियों को शिक्षा के महत्व, उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं के बारे में बताया गया। उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

खण्ड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के भ्रमण के दौरान किशोरियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने और संबंधित विभाग से सहायता प्राप्त करने के महत्व पर चर्चा की।

फतेहनगर पुलिस थाने में किशोरियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और प्राथमिकी (एफआईआर) के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में क्राइम रूम, कंप्यूटर कक्ष, थानाधिकारी कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

पुलिस अधिकारियों ने किशोरियों को बताया कि उत्पीड़न, हिंसा या किसी असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर चुप रहने के बजाय किसी विश्वसनीय व्यक्ति अथवा संबंधित अधिकारी से सहायता लेनी चाहिए। उन्हें आपातकालीन सहायता नंबर 112 और इंटरनेट व सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस सेवा में करियर बनाने की इच्छुक किशोरियों को भर्ती प्रक्रिया और तैयारी से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी भी दी गई।

इस भ्रमण के माध्यम से किशोरियों को सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली समझने, अधिकारियों से सीधे संवाद करने और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विकल्प संस्थान की ओर से रीना, योगेश्वरी एवं दिव्या उपस्थित रहीं। संस्थान की इस पहल का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और करियर संबंधी अवसरों से परिचित कराने तथा अपने जीवन से जुड़े निर्णय स्वयं लेने में सक्षम बनाना रहा।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story