मावली। मावली नगर पालिका क्षेत्र की बेशकीमती चारागाह भूमि पर अतिक्रमण का मामला उजागर हुआ है, जहां लोगों ने करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन पर कब्जा कर विभिन्न मकान और व्यावसायिक शोरूम बना लिए हैं। मामला मुख्य रूप से उदयपुर रोड स्थित जवान जी का खेड़ा और नगर पालिका क्षेत्र के नवोदय विद्यालय के पास की जमीन का है, जहां नगर पालिका मावली और गादोली पंचायत की जमीन पर अनियंत्रित अतिक्रमण हो रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गादोली सरपंच गणपत नाथ चौहान ने करीब दो साल पहले कुछ कब्जे हटाने का प्रयास किया था, लेकिन राजनीतिक दबाव और भूमि माफियाओं की मिली भगत के कारण कब्जे फिर से स्थापित कर लिए गए। जानकारी मिली है कि गादोली पंचायत की लगभग 20 बीघा भूमि पर कब्जे हो चुके हैं, जबकि मावली नगर पालिका की आराजी नंबर 2375 पर भी कब्जा कर मार्बल के गोदाम बनाए गए हैं।

गादोली प्रशासक गणपत नाथ चौहान ने बताया कि मुख्य सड़क के किनारे पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा एग्रीमेंट कर लोगों को निर्माण की अनुमति दी गई थी, जिसके कारण अब किसी भी सरकारी कार्रवाई पर राजनीतिक दबाव की वजह से रोक लग रही है। स्थानीय निवासी बताते हैं कि सड़क किनारे बनी यह जमीन भविष्य में किसी सरकारी योजना के लिए उपयोगी हो सकती थी, लेकिन कब्जे के कारण योजना को जमीन उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने मावली नगर पालिका और गादोली पंचायत की उदयपुर रोड किनारे भूमि खाली करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर तत्काल कदम नहीं उठाए गए तो यह जमीन आगे और अधिक अवैध निर्माण और व्यावसायिक उपयोग के लिए खो जाएगी।

मामला न केवल स्थानीय प्रशासन के सामने चुनौती पेश करता है, बल्कि यह चारागाह और सार्वजनिक भूमि के संरक्षण के महत्व को भी उजागर करता है। यह स्थिति यह दर्शाती है कि भूमि के उचित प्रबंधन और निगरानी में कमी के कारण करोड़ों की सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story