बग्गड़ के मासिंगपुरा में दो बेटियों के विवाह हेतु समाजसेवी हिम्मत सिंह झाला ने 51,000 रुपये की सहायता राशि भेंट कर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।

उदयपुर। ग्राम पंचायत बग्गड़ के मासिंगपुरा, डांग फलां गांव में आज मानवता और सामाजिक समरसता का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जहां एक बेसहारा परिवार के लिए पूरा समाज परिवार बनकर खड़ा हो गया। मासिंगपुरा निवासी श्री नाना जी रावत का दो वर्ष पूर्व लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था, जिसके बाद घर की वृद्ध माता, विधवा पत्नी और पांच मासूम बच्चों के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया। परिवार पर आए इस दुखों के पहाड़ के बीच जब आगामी 22 अप्रैल को घर की दो बेटियों का विवाह तय हुआ, तो विधवा मां के लिए आर्थिक तंगी और संसाधनों का अभाव सबसे बड़ी चिंता का विषय बन गया।

संकट की इस घड़ी में गांव और समाज ने अपने भाईचारे का परिचय देते हुए मदद के हाथ बढ़ाए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति ने एक-एक रुपया जोड़कर कन्यादान हेतु सहयोग राशि एकत्रित की। इसी बीच वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी श्री हिम्मत सिंह जी झाला साहब ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आगे बढ़कर विधवा मां को 51,000 रुपये का मायरा भेंट किया। इस आकस्मिक सहयोग और अपनत्व को पाकर विधवा मां की आंखें छलक आईं। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि आज उन्हें महसूस हो रहा है कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि उनका पूरा गांव और समाज उनके साथ परिवार की तरह खड़ा है।

इस अवसर पर समाजसेवी हिम्मत सिंह झाला ने विधवा मां को संबल प्रदान करते हुए विश्वास दिलाया कि संकट के समय एक-दूसरे का सहारा बनना ही मेवाड़ की असली पहचान और सनातन धर्म का मूल स्वरूप है। समाज के इस सामूहिक प्रयास और झाला द्वारा भरे गए मायरे ने न केवल दो बेटियों के विवाह की राह आसान की, बल्कि आधुनिक युग में सामाजिक एकजुटता और सेवा भाव का एक सशक्त संदेश भी प्रसारित किया है।




Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story