नाथद्वारा (प्रात:काल संवाददाता)। स्थानीय निवासी हार्दिक राजपुरोहित ने राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त कर नगर का नाम गौरवान्वित किया है। हार्दिक ने शैक्षणिक सत्र 2023-24 में राजस्थान विश्वविद्यालय से बीपीएड (B.P.Ed) की डिग्री पूर्ण करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि हेतु गत 25 अप्रैल को आयोजित समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की गरिमामय उपस्थिति के बीच राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने हार्दिक को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

शैक्षणिक उत्कृष्टता से पूर्व हार्दिक राजपुरोहित खेल जगत में भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके हैं। उन्होंने बैडमिंटन खेल में राजसमंद जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके पश्चात उदयपुर जिला टीम का हिस्सा रहते हुए उन्होंने तीन बार राजस्थान टीम की कप्तानी की और राष्ट्रीय स्तर पर खेल का प्रदर्शन कर नगर को गौरवान्वित किया। हार्दिक की खेल उपलब्धियों में सीबीएसई वेस्ट जोन का स्वर्ण पदक एवं सीबीएसई नेशनल में प्राप्त रजत पदक भी शामिल हैं। श्रीजी नगरी के इस होनहार छात्र की सफलता ने खेल और शिक्षा के समन्वय की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story