मुंबई (कार्यालय संवाददाता)। भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने वानखेड़े स्टेडियम के मैदानकर्मियों से किए वादा को पूरा करके फैंस का दिल जीत लिया। टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए हार्दिक पांड्या ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में काफी समय गुजारा था। ट्रेनिंग के दौरान वह कई बार आधी रात तक मैदान पर रहते थे, इस दौरान उन्होंने ग्राउंड स्टाफ से वादा किया था कि जब वह वापस लौटेंगे तो सभी को इनाम देंगे। हार्दिक ने आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले अपना वादा पूरा किया और इस वजह से हार्दिक के ऑफ फील्ड जेस्चर की हर कोई तारीफ कर रहा है।

ग्राउंड स्टाफ को नकद इनाम और आभार

भारतीय ऑलराउंडर ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के ग्राउंड स्टाफ को पुरस्कृत किया और मुश्किल परिस्थितियों में उन्हें ट्रेनिंग करने में मदद करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। हार्दिक पांड्या ने वानखेड़े के ग्राउंड स्टाफ सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से गिफ्ट्स और नकद इनाम दिए। उनका ये जेस्चर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें हार्दिक पांड्या ग्राउंड स्टाफ के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक ने मैदानकर्मियों को 10-10 लाख रुपये दिए हैं।

टी20 विश्व कप 2026 में हार्दिक का शानदार प्रदर्शन

हार्दिक पांड्या टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बैट और गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया था। हार्दिक ने विश्वकप में 9 पारियों में 217 रन बनाए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में 2 अर्धशतक लगाए थे। गेंदबाजी के दौरान उन्होंने 9 पारियों में 9 विकेट चटकाए। कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 3 ओवर में केवल 16 रन देकर 2 बड़े विकेट लिए, जिसने मैच का पासा पलट दिया।

जीत का संकल्प और भविष्य की शुरुआत

पांड्या ने टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद 'स्टार स्पोर्ट्स' से कहा था, "बारबाडोस में जीत (2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) के बाद मैंने खुद से वादा किया था कि मैं जिस भी टूर्नामेंट में खेलूंगा, जीतने के लिए खेलूंगा और ट्रॉफी उठाऊंगा। अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह जीत इस बात का सबूत है कि मैंने खुद से जो वादा किया, वो सच हो गया है। और यह तो बस शुरुआत है।"

संघर्ष से वापसी की प्रेरणादायक कहानी

32 साल के पंड्या उन चार भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें आईसीसी की 2026 टी20 विश्व कप की टीम में शामिल किया गया है। पांड्या ने अमेरिका में 2024 विश्व कप से पहले खुद की मुश्किलों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, "जब हमने 2024 में टी20 विश्व कप जीता तो मुझे व्यक्तिगत तौर पर बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। उस टूर्नामेंट से पहले बहुत कुछ हुआ था और चीजें मेरे हिसाब से नहीं हो रही थीं। 2024 विश्व कप शुरू होने से पहले मैंने मन बना लिया था कि मैं वापसी करूंगा।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story