खाम की मादड़ी में धूमधाम से मना हनुमान जन्मोत्सव, हुए कई धार्मिक आयोजन
श्री बजरंग नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, हवन और श्री राम कथा के साथ महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

श्री बजरंग नवयुवक मंडल, ठि. खाम की मादड़ी के तत्वावधान में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान दिनभर विभिन्न धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भक्ति और अनुष्ठान का संगम
प्रातः 10 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भावपूर्वक भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात सायं 4 बजे विधिवत हवन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर गांव की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सायं 6 बजे से कथावाचक श्री शिवम तिवारी द्वारा श्री राम कथा का वाचन किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े ही ध्यानपूर्वक श्रवण किया। कथा के पश्चात भक्तों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई।
गरिमामयी उपस्थिति और सम्मान समारोह
कार्यक्रम में गांव के सचिव भीम सिंह राव ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर गांव के पाटवी चेन सिंह उदावत, संरक्षक मोहन सिंह मानावत, ग्राम पंचायत रख्यावल के प्रशासक कान सिंह राव, समाजसेवी हरि सिंह मानावत, विकास संस्थान के अध्यक्ष देवी सिंह राव, भँवर दास वैष्णव सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे उनका उपरणा ओढ़ा कर स्वागत किया गया। इस दौरान श्री बजरंग नवयुवक मंडल के अध्यक्ष एडवोकेट जगपाल सिंह बगावत, उपाध्यक्ष श्याम दास वैष्णव, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह गंगावत, सचिव शेर सिंह उदावत, व राम कथा वाचक श्री शिवम तिवारी एवं उनकी टीम तथा भजन गायक पुष्कर राज पुरोहित व उनके साथ आये भजन कलाकारों का उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
महाआरती और सांस्कृतिक समापन
कार्यक्रम के अंत में महाआरती का आयोजन हुआ व महाप्रसाद वितरण किया तथा भजन संध्या में भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होकर देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट जगपाल सिंह बगावत ने कहा कि "धार्मिक आयोजन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी में संस्कारों का संचार करने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।" उन्होंने सभी ग्रामवासियों एवं नवयुवक मंडल के युवाओं का सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों एवं युवाओं का विशेष सहयोग रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
