गुरु पूर्णिमा पर आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थाणा में शिक्षकों का सम्मान, गुरु-शिष्य परंपरा का दिया संदेश
खेरवाड़ा के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, थाणा में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों का श्रीफल एवं उपहार देकर सम्मान किया, जबकि मुख्य वक्ता उमेद सिंह चौहान ने गुरु-शिष्य परंपरा, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर प्रेरक विचार रखे।

तस्वीर में खेरवाड़ा के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, थाणा में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान शिक्षक और विद्यार्थी नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, थाणा में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य खेमराज प्रजापत ने की। समारोह में मुख्य अतिथि फते सिंह तथा मुख्य वक्ता उमेद सिंह चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय प्रभारी साक्षी बारोट एवं हिना ने किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा और सम्मान के भाव से सराबोर नजर आया।
मुख्य वक्ता उमेद सिंह चौहान ने अपने प्रेरक उद्बोधन में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान, अनुशासन और संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य खेमराज प्रजापत ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। समारोह का समापन गुरु वंदना एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा गुरु वंदन भी किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
