उदयपुर। वेटरनरी महाविद्यालय नवानिया में नव प्रवेशित बीवीएससी एंड एएच विद्यार्थियों के लिए एक भव्य ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों का पारंपरिक तिलक एवं मुंह मीठा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. शिव शर्मा ने की।

डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में पशुचिकित्सा को सेवा-प्रधान और उत्कृष्ट पेशा बताते हुए नव विद्यार्थियों को साढ़े पांच वर्षीय पाठ्यक्रम को समर्पण और परिश्रम के साथ पूरा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रथम वर्ष को पाठ्यक्रम का फाउंडेशन वर्ष बताते हुए विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बुरी आदतों और विशेषकर नशे से दूर रहने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने प्लास्टिक मुक्त और नशामुक्त केम्पस बनाने में विद्यार्थियों से सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पशुचिकित्सा संकुल प्रभारी डॉ. मितेश गौड़ ने शैक्षणिक पशुचिकित्सालय की संरचना और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. हेमन्त जोशी ने विश्वविद्यालय की सह-शैक्षणिक गतिविधियों से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को परिचित कराया। अकादमिक समन्वयक (यूजी) डॉ. अभिषेक गौरव ने पाठ्यक्रम संरचना, अकादमिक नियम और परीक्षा प्रणाली की विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।

मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. हाकिम मंजर आलम ने छात्रावास नियमों का परिचय दिया, जबकि एनसीसी अधिकारी डॉ. सुनील अरोड़ा ने महाविद्यालय में एनसीसी गतिविधियों की जानकारी दी। प्रभारी आईयूएमएस, डॉ. गोवर्धन सिंह ने फेस-बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली और छात्रवृत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए। एंटी रैगिंग प्रभारी डॉ. दिनेश चव्हाण ने विद्यार्थियों को रैगिंग से संबंधित नियम, कानून और निवारक उपायों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभिषेक गौरव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. हेमन्त जोशी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. मीठा लाल गुर्जर, डॉ. अनीता राठौर, डॉ. हिना अशरफ और डॉ. मुकेश चन्द्र शर्मा भी उपस्थित थे।

ओरियंटेशन कार्यक्रम के उपरांत डॉ. पारमेष्ट विष्णु कुमार, प्रभारी लाइब्रेरी, ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, पशुधन फार्म और पशुचिकित्सा संकुल का विस्तृत भ्रमण कराते हुए शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराया।

यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और महाविद्यालय की व्यवस्थाओं से परिचित कराने का अवसर रहा, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित और सामाजिक रूप से जागरूक पेशेवर पशुचिकित्सक बनने के लिए प्रेरित भी किया।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story