ग्राम पंचायत फलीचढ़ा में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर आयोजित, विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर जागरूक किए ग्रामीण
ग्राम पंचायत फलीचढ़ा में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के फॉलोअप शिविर में विभिन्न विभागों ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। राजस्व, चिकित्सा, पशुपालन, परिवहन, शिक्षा और पंचायत राज विभाग की सेवाओं के साथ पौधारोपण भी किया गया।

तस्वीर में ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्राम पंचायत परिसर में पौधे के पास बैठे अधिकारी और जनप्रतिनिधि नजर आ रहे हैं।
ग्राम पंचायत फलीचढ़ा में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के फॉलोअप शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत परिसर में किया गया। शिविर में प्रभारी अतिरिक्त विकास अधिकारी अनिल श्रीमाली, सहायक विकास अधिकारी सुरेश सोनी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष छोगालाल जाट, घनश्याम नाथ चौहान तथा प्रदेश शिक्षक नेता सुरेश कुमार देशबंधु की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत परिसर में ‘धरती मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। साथ ही ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
शिविर के दौरान राजस्व विभाग द्वारा शुद्धिकरण, बंटवारा, आवंटन, जाति प्रमाण पत्र तथा मूल निवास प्रमाण पत्र सहित कुल 136 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। परिवहन विभाग ने वृद्धजन कार्ड वितरित किए। गत शिविर में जिन लोगों ने आवेदन किए थे, उन्हें इस शिविर में परिवहन कार्ड प्रदान किए गए।
पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं की मंगला पॉलिसी एवं पशु बीमा योजना से संबंधित जानकारी दी गई। किसानों को मुख्यमंत्री पशु बीमा योजना, पशुओं के मौसमी टीकाकरण तथा कृत्रिम गर्भाधान संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सा विभाग ने ग्रामीणों की मौसमी बीमारियों की जांच के साथ ही बीपी, शुगर एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की।
पंचायत राज विभाग द्वारा व्यक्तिगत शौचालय के आवेदन तैयार किए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा सहयोगिनी द्वारा गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित किए गए। शिक्षा विभाग ने विद्यालय से संबंधित भौतिक संसाधनों की समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीण बैंक की ओर से दो केवाईसी फॉर्म प्राप्त हुए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव शशि जिंगर, कनिष्ठ लिपिक लोकेश टांक, सहायक कर्मचारी वर्दी चंद जाट, प्रधानाचार्य आलोक भारतीय, डॉक्टर अक्षय व्यास, डॉक्टर पंकज तंवर, सीएचओ गरमी माला, कुसुम लता आमेटा, आंगनवाड़ी कर्मचारी सुमन वैष्णव, मंजू जाट, कंचन सालवी, एएनएम अंजना भगोरा, पटवारी लोकेश रेगर तथा ग्रामीण बैंक कर्मचारी कुलदीप जोशी सहित राजस्व विभाग, पंचायत राज विभाग, चिकित्सा विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी और लाभार्थियों को सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
