खेरवाड़ा: ग्रामीण सेवा शिविर में पेंशन आवेदन का मौके पर ही सत्यापन, बुजुर्ग को मिला पीपीओ
राजस्थान के खेरवाड़ा में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान वागपुर में प्रशासन ने एक बुजुर्ग के पेंशन आवेदन का मौके पर ही सत्यापन कर पीपीओ जारी किया। जानिए कैसे सरकारी शिविरों से आमजन को बिना दफ्तरों के चक्कर लगाए त्वरित राहत मिल रही है।

वागपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान अधिकारी लाभार्थी को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपते हुए।
राजस्थान सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत वागपुर में आयोजित शिविर में समाज कल्याण विभाग ने वृद्धजनों को त्वरित राहत प्रदान की। शिविर स्थल पर ही पेंशन के नवीन आवेदन का सत्यापन और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर लाभार्थी को पीपीओ जारी किया गया। समाज कल्याण विभाग के कनिष्ठ लेखाकार विशाल जोशी ने टीडीआर कार्यालय एवं पंचायत समिति की पेंशन शाखा के साथ समन्वय स्थापित कर लाभार्थी वंशीलाल पुत्र हाजा जी के वृद्धजन पेंशन आवेदन का मौके पर ही सत्यापन करवाते हुए स्वीकृति दिलाई और पीपीओ जारी कराया। इस पहल से लाभार्थी को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिली और समयबद्ध सेवा का लाभ मिला। इस अवसर पर ग्राम पंचायत वागपुर की प्रशासक सुक्रीता, ग्राम विकास अधिकारी, बीडीओ मदन लाल लोहार, नायब तहसीलदार रमेश कुमार मीणा तथा एडीओ अरुण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इन शिविरों में पेंशन, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों का त्वरित निस्तारण कर आमजन को बड़ी राहत दी जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
