बंजारिया ग्रामीण सेवा शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
बंजारिया ग्रामीण सेवा शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला, विभिन्न विभागों ने दी सेवाएं और किए कई कार्य।

बंजारिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान अधिकारी और अतिथि ग्रामीणों को सरकारी दस्तावेजों का वितरण करते हुए।
उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंजारिया में सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। शिविर का आयोजन क्षेत्र के पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर के मुख्य आतिथ्य में किया गया, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता तथा मंडल महामंत्री विक्रांत कोठारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बंजारिया प्रशासक शारदा देवी मिणा ने की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए और कोई भी ग्रामीण इन कल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता पारस जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी द्वारा प्रत्येक व्यक्ति को ग्राम विकास की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, इस उद्देश्य से ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत में ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र सालवी एवं चंदूलाल मीणा ने अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर एवं ऊपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। आयुर्वेद विभाग द्वारा 48 लोगों का उपचार किया गया, जबकि 44 लोगों को होम्योपैथी उपचार का लाभ मिला। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 लोगों का कालीबाई भील उड़ान योजना में पंजीकरण किया गया। खाद्य विभाग द्वारा पांच केवाईसी एवं पांच सीडिंग कार्य किए गए।
सहकारिता विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को नई सदस्यता एवं फसली ऋण आवेदन पत्र प्रदान किए गए। जलदाय विभाग द्वारा तीन हैंडपंपों की रिपेयरिंग की गई। चिकित्सा विभाग ने 136 रोगियों को दवा वितरण किया तथा 60 लोगों की निशुल्क जांच की गई।
पशुपालन विभाग द्वारा 16 पशुओं को मंगला बीमा कवर प्रदान किया गया और पशुओं का निशुल्क उपचार किया गया। बिजली विभाग ने नौ लोगों को विद्युत कनेक्शन स्वीकृति पत्र जारी किए। राजस्व विभाग द्वारा धारा 136 के तीन प्रकरणों का निस्तारण, तीन बटवारा कार्य एवं तीन नामांतरण कार्य संपन्न किए गए।
पंचायती राज विभाग द्वारा आठ लोगों के जन्म प्रमाण पत्र, चार मृत्यु प्रमाण पत्र, एक विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा पांच लोगों को जॉब कार्ड वितरित किए गए।
इस दौरान तहसीलदार रेवत राम भील, बच्चू लाल मीणा सहित सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित हुए।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
