उदयपुर जिले की गोगुन्दा तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत छाली के अंतर्गत आने वाले राजस्व ग्राम भेवड़िया, कडेचावास और उण्डीथल में बीते कई दिनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुलिस थाना गोगुन्दा को ज्ञापन सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब पांच से दस दिनों के दौरान विभिन्न मंदिरों और मकानों को निशाना बनाकर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया गया। राजस्व ग्राम भेवड़िया में घी वाले महादेव मंदिर, आशापुरा मंदिर तथा रतन सिंह के मकान में चोरी हुई। इसी प्रकार राजस्व ग्राम कडेचावास में आशापुरा माताजी मंदिर और मांगीलाल सेन के घर में चोरी की घटना सामने आई। वहीं उण्डीथल स्थित आगलिया भेरूजी मंदिर में भी अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि इन घटनाओं को लेकर संबंधित शिकायतें पुलिस थाना गोगुन्दा में दर्ज करवाई जा चुकी हैं। चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच ग्रामीणों ने स्वयं भी चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान कडेचावास स्थित चारभुजा मंदिर से राजकीय माध्यमिक विद्यालय के बीच संदिग्धों का पीछा किया गया, जहां अज्ञात बदमाश अपनी नई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार उक्त मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर MBLHAW332THD0928 है, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई और वाहन को थाना गोगुन्दा द्वारा जब्त कर लिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन जब्त होने के बावजूद अब तक चोरों की गिरफ्तारी अथवा मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश लोग मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं और लगातार हो रही चोरियों के कारण भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात चोरों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और कानून व्यवस्था पर उनका विश्वास बना रहे।

Vishnu Lohar, Jhadol

Vishnu Lohar, Jhadol

नाम: विष्णु लोहार

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल, झाड़ोल)

कार्यक्षेत्र: झाड़ोल, उदयपुर (राजस्थान) - मुख्य रूप से झाड़ोल और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास का ग्रामीण अंचल

अनुभव: करीब 10 वर्ष

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय एवं ग्रामीण समाचार: झाड़ोल व गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र, ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की नियमित कवरेज।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां, जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम एवं राजनीतिक घटनाक्रम।
  • क्राइम: पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी घटनाएं, कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक मामलों की रिपोर्टिंग।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, विकास कार्य, शिविरों एवं प्रशासनिक निर्णयों की कवरेज।
  • शिक्षा: विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षा योजनाओं, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं शिक्षा संबंधी समस्याओं पर रिपोर्टिंग।
  • स्वास्थ्य: स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं, जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता विषयक समाचार।
  • बिज़नेस एवं व्यापार: स्थानीय व्यापार, बाजार गतिविधियां, छोटे व्यवसाय, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विषय।
  • सामाजिक एवं जनहित मुद्दे: ग्रामीण समस्याएं, नागरिक सुविधाएं, सामाजिक सरोकार, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों की विशेष कवरेज।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • वाणिज्य स्नातक (B.Com)
  • वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • BSTC (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट)

Next Story