गोगुन्दा: जमीन पर कब्जे के लिए आरोपियों ने तोड़ी बाउण्ड्रीवॉल, केस दर्ज
उदयपुर के ग्राम कदमाल में दिव्या कुमारी वर्मा की जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से रामलाल मेघवाल और उसके परिवार ने निर्माण कार्य रुकवाकर दीवार ध्वस्त कर दी।

उदयपुर। जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कदमाल में भू-माफियाओं के दुस्साहस का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से एक परिवार ने न केवल निर्माण कार्य में बाधा डाली, बल्कि नवनिर्मित बाउण्ड्रीवॉल को भी ढहा दिया। इस घटना को लेकर पीड़ित महिला ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, देलवाड़ा के बेरन कालीवास निवासी दिव्या कुमारी वर्मा पुत्री भगवान लाल वर्मा की गाडरियों का गुड़ा (कदमाल) में निजी स्वामित्व की भूमि स्थित है, जिसे उन्होंने वर्ष 2025 में क्रय किया था। घटनाक्रम के मुताबिक, गत 8 अप्रैल को जब प्रार्थिया ने अपनी भूमि पर सुरक्षा हेतु बाउण्ड्रीवॉल का निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया, तभी लोसिंग निवासी रामलाल पुत्र लालू मेघवाल, उसकी पत्नी पुनकी, पुत्र राधा किशन, प्रकाश, हरीश तथा परिवार की महिलाएं खुमाणी, केशर एवं गीता अन्य महिलाओं के साथ वहां आ धमके। आरोपियों ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए विवाद शुरू कर दिया और प्रार्थिया से इस बात पर झगड़ा किया कि उसने उनसे पूछे बिना यह जमीन कैसे खरीदी।
विवाद बढ़ने पर प्रार्थिया ने तत्काल गोगुन्दा थाने में शिकायत दी, जिस पर दो पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और एक बारगी आरोपियों को वहां से हटा दिया। लेकिन कानून का खौफ ताक पर रखकर अगले ही दिन जब निर्माण कार्य पुनः शुरू हुआ, तो आरोपियों ने संगठित होकर धावा बोला और निर्माणाधीन बाउण्ड्रीवॉल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रार्थिया ने आरोप लगाया है कि ये सभी लोग उसकी जमीन को हड़पने की फिराक में हैं और लगातार उसे परेशान कर रहे हैं। फिलहाल गोगुन्दा थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है।

