गोगुन्दा में 12.6 किलोमीटर ए.एल. कंडक्टर चोरी का पर्दाफाश, शिर्डी तक पीछा कर तीन आरोपी गिरफ्तार
गोगुन्दा में 12.6 किलोमीटर ए.एल. कंडक्टर चोरी मामले में पुलिस ने शिर्डी तक पीछा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सुनियोजित साजिश का खुलासा हुआ।

उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में 765 केवी डी/सी सिरोही पीएस-ऋषभदेव ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्य के लिए रखे गए ए.एल. कंडक्टर की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनियोजित षड्यंत्र का खुलासा किया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और लगातार पीछा करने की कार्रवाई के बाद पुलिस ने चोरी के माल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गत 01 अगस्त 2026 को 'कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड' के पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रभारी संजय सिंह ने थाना गोगुन्दा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने ग्राम सोरिया घाटी ओबरा कला स्थित साइट लोकेशन 111/3 से 765 केवी डी/सी सिरोही पीएस-ऋषभदेव ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्य के लिए रखे 4 ड्रम ए.एल. कंडक्टर, जिसकी कुल लंबाई लगभग 12.6 किलोमीटर थी, चोरी कर लिए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण में मौके पर भारी वाहनों के टायरों के निशान मिले। पुलिस टीम ने इन निशानों का पीछा किया और लगभग 5 किलोमीटर दूर जंगल एवं पहाड़ियों के बीच तक पहुंचकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।
जांच के अगले चरण में गोगुन्दा टोल प्लाजा और संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के विश्लेषण में दो संदिग्ध ट्रक दिखाई दिए, जिनके नंबर RJ27GD7074 और RJ14GP9286 पाए गए। इसके बाद पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता से दोनों ट्रकों की लगातार निगरानी और पीछा किया।
कार्रवाई के दौरान एक ट्रक को चोरी के माल सहित उदयपुर से ही डिटेन कर लिया गया। वहीं दूसरा ट्रक चित्तौड़गढ़, नीमच, रतलाम, मंदसौर, इंदौर और महाराष्ट्र के मालेगांव होते हुए शिर्डी तक पहुंच गया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए शिर्डी में दूसरे ट्रक को भी चोरी के माल, चालक और खलासी सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि इस चोरी के पीछे एक सुनियोजित साजिश थी। बैगलोर में बैठे मुख्य सूत्रधार ने ऑनलाइन ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से दोनों ट्रकों को बेंगलुरु माल पहुंचाने के लिए किराए पर लिया था। साजिश के तहत बदमाशों ने रात के समय ठेकेदार और कंपनी को भारी नुकसान पहुंचाने की नीयत से फर्जी एवं अवैध तरीके से माल इन ट्रकों में भरवाया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों की इस योजना को विफल कर दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि बैगलोर में बैठे मुख्य सूत्रधार ने ट्रक चालकों के साथ मिलकर पूरे षड्यंत्र को अंजाम देने की योजना बनाई थी। इस संबंध में पुलिस द्वारा अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पुलिस ने इस मामले में छोटूलाल (उम्र 42 वर्ष) पुत्र सुखदेव निवासी सांगानेर, जयपुर, सुरेश कुमार (उम्र 31 वर्ष) पुत्र सीताराम निवासी बूंदी तथा ईश्वर सिंह (उम्र 50 वर्ष) पुत्र घनश्याम सिंह निवासी भींडर, उदयपुर को गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य सूत्रधार और पूरे षड्यंत्र से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Vishnu Lohar, Jhadol
नाम: विष्णु लोहार
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल, झाड़ोल)
कार्यक्षेत्र: झाड़ोल, उदयपुर (राजस्थान) - मुख्य रूप से झाड़ोल और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास का ग्रामीण अंचल
अनुभव: करीब 10 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय एवं ग्रामीण समाचार: झाड़ोल व गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र, ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की नियमित कवरेज।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां, जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम एवं राजनीतिक घटनाक्रम।
- क्राइम: पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी घटनाएं, कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक मामलों की रिपोर्टिंग।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, विकास कार्य, शिविरों एवं प्रशासनिक निर्णयों की कवरेज।
- शिक्षा: विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षा योजनाओं, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं शिक्षा संबंधी समस्याओं पर रिपोर्टिंग।
- स्वास्थ्य: स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं, जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता विषयक समाचार।
- बिज़नेस एवं व्यापार: स्थानीय व्यापार, बाजार गतिविधियां, छोटे व्यवसाय, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विषय।
- सामाजिक एवं जनहित मुद्दे: ग्रामीण समस्याएं, नागरिक सुविधाएं, सामाजिक सरोकार, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों की विशेष कवरेज।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- वाणिज्य स्नातक (B.Com)
- वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com)
- B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
- BSTC (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट)
