गोदावरी डेम के कैचमेंट एरिया में डूबने से आठवीं के छात्र की मौत, मवेशियों को पानी पिलाने गया था किशोर
खेरवाड़ा के सुंदरा गांव स्थित गोदावरी डेम के कैचमेंट एरिया में मवेशियों को पानी पिलाने गए आठवीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत, पुलिस जांच शुरू।

उदयपुर जिले के खेरवाड़ा उपखंड क्षेत्र के सुंदरा गांव स्थित गोदावरी डेम के कैचमेंट एरिया में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंद कुमार मीणा पुत्र शंभू लाल मीणा (उम्र 14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा का विद्यार्थी था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद गोविंद कुमार मीणा मवेशियों को चराने और पानी पिलाने के लिए गोदावरी डेम के कैचमेंट क्षेत्र में गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के समय उसका छोटा भाई भी उसके साथ मौजूद था, जिसने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी करणाराम जाट के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक राकेश मेहता पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने शाम करीब 6 बजे शव को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर आवश्यक अनुसंधान शुरू कर दिया है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
