खेरवाड़ा। उपखण्ड नयागांव की ग्राम पंचायत घाटी में प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और कई स्थानों पर डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। हालात यह हैं कि सड़क पर डामर नजर आना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीण विकास कुमार, नानजी बेचर सहित क्षेत्रवासियों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में कीचड़ और पानी जमा हो जाता है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ राउमावि घाटी में जाने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को आए दिन कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने ग्राम सेवा शिविर में भी सड़क की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत करवाकर आवागमन सुचारू करने की मांग की है। सड़क की बदहाल स्थिति और बारिश के दौरान बढ़ती परेशानी के बीच ग्रामीणों की मांग है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story