घासा: शारीरिक शिक्षक वाक्पीठ कार्यकारिणी का गठन, अर्जुन सिंह अध्यक्ष बने
नवगठित घासा ब्लॉक में 11 सदस्यीय निर्विरोध समिति चुनी गई, जो खेल गतिविधियों और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगी।

तस्वीर में बाएं लाल धारीदार शर्ट में अर्जुन सिंह और दाएं गोपाल लाल मेहता नजर आ रहे हैं।
घासा, 2 सितंबर। नवगठित घासा पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली 26 ग्राम पंचायतों में शिक्षा विभाग के अधीन संचालित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों की ब्लॉक स्तरीय वाक्पीठ कार्यकारिणी का गठन गत दिनों तहसील मुख्यालय घासा स्थित हनुमान पार्क में आयोजित बैठक में किया गया। बैठक में सभी पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनावास के शारीरिक शिक्षक अर्जुन सिंह चुंडावत को अध्यक्ष तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंदोली के शारीरिक शिक्षक गोपाल लाल मेहता को सचिव निर्वाचित किया गया। 11 सदस्यीय नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में जगन्नाथ सिंह चुंडावत को संरक्षक, नरेंद्र सिंह राठौड़ को सभाध्यक्ष, मोतीलाल भगोरा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, छगन बारोट एवं रामरक्षपाल सिंह को उपाध्यक्ष, सुनील वया को कोषाध्यक्ष तथा सोनम सक्सेना को महिला उपाध्यक्ष चुना गया। महेंद्र सिंह राठौड़ एवं मनोज गवारिया को सम्मानित सदस्य के रूप में कार्यकारिणी में शामिल किया गया।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कहा कि वाक्पीठ के माध्यम से ब्लॉक क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा शारीरिक शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं हितों के लिए प्रभावी रूप से कार्य किया जाएगा।
कार्यकारिणी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होने वाली 11 एवं 14 वर्षीय आयु वर्ग की ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं, शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में सहयोग करेगी। विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने के लिए भी कार्य किया जाएगा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वाक्पीठ को सक्रिय एवं प्रभावी बनाकर ब्लॉक क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा देने का संकल्प लिया।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
