घासा में शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, पहली बार ब्लॉक स्तर पर दिखा खेल और सांस्कृतिक उत्साह
घासा में नवगठित पंचायत समिति के बाद पहली बार शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई, पहले दिन सांस्कृतिक, वॉलीबॉल, शतरंज और बैडमिंटन मुकाबले हुए।

तस्वीर में घासा राउमावि परिसर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय शिक्षक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधि और शिक्षक नजर आ रहे हैं।
नवगठित पंचायत समिति घासा के गठन के बाद पहली बार दो दिवसीय 37वीं ब्लॉक स्तरीय शिक्षक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता पुरुष वर्ग का आयोजन राउमावि घासा में शुरू हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम दिन पंजीकरण के बाद सांस्कृतिक प्रतियोगिता के साथ वॉलीबॉल, शतरंज और बैडमिंटन के मुकाबले आयोजित किए गए।
प्रतियोगिता के संयोजक अर्जुन सिंह झाला ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मावली प्रेरणा नौसालिया थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता घासा की पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी तरुनम पठान ने की। मेजबान होने के नाते उन्होंने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया।
समारोह में अति विशिष्ट अतिथि मावली ब्लॉक के अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रिपुदमन सिंह और अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ विद्यालय शिक्षा उदयपुर के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रारंभिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वॉकपीठ के सचिव जगन्नाथ सिंह चुंडावत, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संगठन मंत्री एवं प्रारंभिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ के घासा ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की घासा उपशाखा के अध्यक्ष भीम सिंह राव, प्रतियोगिता के संयोजक अर्जुन सिंह झाला, माध्यमिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह झाला, हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान राज्य के संभाग आयुक्त एवं एबीएसआरएम के जिला मीडिया प्रभारी गोपाल लाल मेहता (मेनारिया), प्रबोधक संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह सारंगदेववोत और संरक्षक सुखलाल डांगी सहित अन्य उपस्थित रहे।
मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन समारोह की शुरुआत हुई। जिला मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता के अनुसार, आयोजक विद्यालय की ओर से सभी अतिथियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार स्वागत-अभिनंदन किया गया। उद्घाटन समारोह से ठीक पहले अध्यापक एवं प्रसिद्ध भजन गायक प्रेम शंकर सालवी सहित अन्य शिक्षकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नई पंचायत समिति के गठन के बाद आयोजित शिक्षक प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे सभी शिक्षकों का आपस में परिचय भी कराया गया। कार्यक्रम का संचालन संजय टेलर ने किया।
मुख्य अतिथि सीबीईओ मावली प्रेरणा नोशालिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि विशेष रूप से शिक्षक के लिए खेल का महत्व और भी अधिक है, क्योंकि शिक्षक स्वयं स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक रहकर विद्यार्थियों के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने वॉलीबॉल के उद्घाटन मैच में सर्विस करके प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
शिक्षक नेता पुष्पेंद्र सिंह झाला ने कहा कि शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिता केवल प्रतिस्पर्धा का अवसर नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सौहार्द, ऊर्जा और उत्साह का उत्सव है। उन्होंने सभी से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और ‘खेलेंगे तो खिलेंगे, स्वस्थ रहेंगे और समाज को स्वस्थ बनाएंगे’ का संदेश देने का आह्वान किया।
हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के संभाग आयुक्त गोपाल मेहता ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। खेल जीत में विनम्र रहना और हार में निराश न होकर उससे सीख लेकर आगे बढ़ना सिखाते हैं।
उद्घाटन सत्र के बाद पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रथम दिन सांस्कृतिक प्रतियोगिता, वॉलीबॉल, शतरंज और बैडमिंटन के मैच करवाए गए। अच्छे प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन चयन कमेटी द्वारा किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी दिनों में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर घासा ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
