महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सीएमएफ संस्था एवं राजीविका के संयुक्त तत्वावधान में जेंडर समानता एवं माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न गांवों से आई 55 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों में जेंडर समानता, महिला अधिकारों तथा माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सामाजिक, स्वास्थ्य एवं नेतृत्व से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यशाला के प्रथम दिवस पर जतन संस्था के प्रशिक्षक मरुधरा सिंह, राजदीप सिंह सोलंकी एवं संतोष कुमावत ने जेंडर समानता, महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी तथा महिला नेतृत्व जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि समाज में समान अवसर, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करने के लिए जेंडर समानता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सशक्तिकरण को सामाजिक विकास की आधारशिला बताया।

द्वितीय दिवस माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को समर्पित रहा, जिसमें महिलाओं को माहवारी के दौरान होने वाले जैविक परिवर्तनों, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित सेनेटरी सामग्री के उपयोग, संतुलित पोषण तथा एनीमिया की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान माहवारी से जुड़े विभिन्न मिथकों और भ्रांतियों को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर स्पष्ट करते हुए जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यशाला को सहभागितापूर्ण और प्रभावी बनाने के लिए समूह चर्चा, रोल प्ले, पोस्टर प्रस्तुति एवं प्रश्नोत्तर सत्र जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने अनुभव साझा किए और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को समुदाय तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था के सरोज, एडविन, सुखलाल परमार, आशीष एवं विनोद ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं राजीविका की ओर से बीपीएम मिताली चौहान, सुबोध एवं अनार सिंह ने समन्वय एवं मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाई।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए अपने गांवों में महिलाओं और किशोरियों के बीच जेंडर समानता तथा माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह कार्यशाला न केवल स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनी, बल्कि महिलाओं को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित करती नजर आई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story