पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर में स्थापित आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला से ग्रामीण विद्यार्थियों को व्यवहारिक विज्ञान शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

गंगापुर कस्बे के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा, जब गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल उदयपुर की ओर से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला भवन का भव्य लोकार्पण किया गया।


विज्ञान प्रयोगशाला भवन का हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम में गीतांजलि ग्रुप के चेयरमैन जेपी अग्रवाल एवं निदेशक अंकित अग्रवाल ने फीता काटकर विज्ञान प्रयोगशाला भवन का उद्घाटन किया।


इस अवसर पर गंगापुर सहित आसपास के सर्व समाज द्वारा जेपी अग्रवाल का अभूतपूर्व स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम स्थल पर जगह-जगह पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत समारोह आयोजित हुए।


सहपाठियों से मिलकर भावुक हुए जेपी अग्रवाल

समारोह की सबसे भावुक और आकर्षक झलक उस समय देखने को मिली जब चेयरमैन जेपी अग्रवाल अपने बचपन के सहपाठियों से मिले। वर्षों पुरानी यादें ताजा होने पर वे सहपाठियों के साथ भावुक होकर झूमते नजर आए।

वे इस दौरान अपने स्कूली सहपाठी फखरुद्दीन से मिलकर भावुक हो उठे। वर्षों बाद बचपन के सखा को सामने देखकर उन्होंने आत्मीयता से गले लगाया और पुराने दिनों की यादें ताजा कीं। बताया गया कि फखरुद्दीन वर्तमान में ठेला चलाकर परिवार का जीवनयापन कर रहे हैं। इस दौरान जेपी अग्रवाल ने उन्हें मोबाइल फोन उपहार में देते हुए कहा, "अब हर रोज फोन कर गपशप किया करो।" कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दोनों मित्रों की मुलाकात को कृष्ण-सुदामा की मित्रता जैसा बताते हुए जेपी अग्रवाल की सादगी और आत्मीयता की सराहना की।




विद्यालय परिसर में अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि "गंगापुर की मिट्टी और यहां की शिक्षा ने ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।"

आयोजन समिति अध्यक्ष एडवोकेट कैलाश महता के साथ जेपी अग्रवाल ने अपने स्कूली जीवन के गुरुजनों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान वातावरण भावुक हो उठा और विद्यार्थियों ने तालियों से अपने शिक्षकों का अभिनंदन किया।


शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन जेपी अग्रवाल ने कहा कि "शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा आधार है। गंगापुर की इस विद्यालय में पढ़कर मैंने जीवन में आगे बढ़ना सीखा। व्यक्ति चाहे कितना भी बड़ा क्यों न बन जाए, उसे अपनी मातृभूमि और अपने विद्यालय को कभी नहीं भूलना चाहिए।"


उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए गीतांजलि ग्रुप हर संभव सहयोग करेगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पीएम श्री विद्यालय सहित बालिका विद्यालय में भी विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिल सकें।

ग्रुप चेयरमैन जेपी अग्रवाल ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और शिक्षा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि "आज के विद्यार्थी ही कल का भारत हैं। यदि गांवों के बच्चों को अच्छी प्रयोगशालाएं और संसाधन मिलेंगे तो वे भी देश-दुनिया में अपना नाम रोशन करेंगे।"


मुख्य वक्ता कैलाश सोढ़ानी ने रखे विचार

समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राज्यपाल के सलाहकार कैलाश सोढ़ानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि "शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।"

उन्होंने गीतांजलि ग्रुप द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के लिए किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि "जब उद्योग और समाजसेवी संस्थाएं शिक्षा से जुड़ती हैं तो ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान मिलती है। गंगापुर में आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण निश्चित रूप से विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा।"

विद्यार्थियों ने कहा कि अब उन्हें आधुनिक उपकरणों के माध्यम से विज्ञान विषय को व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर मिलेगा।



समारोह में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यालय परिवार ने गीतांजलि ग्रुप के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में मौजूद रहे:

पर्वत सिंह चुंडावत, भारत विकास परिषद अध्यक्ष चमन लोसर, सचिव दिनेश श्रोत्रिय, आदर्श विद्या मंदिर अध्यक्ष सुरेश सिंघवी, अभिभाषक संस्था अध्यक्ष अरविंद चौधरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष पूनम महता, दिनेश चंद्र तेली, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गहलोत, लखन काकाणी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज चंदेल, सत्यनारायण माली, सलीम मोहम्मद पठान, नारायण माली, रमेश अग्रवाल, डॉ सतीश डाबी, किशन लाल कंदोई

सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट - दिनेश चौहान

Updated On 13 May 2026 9:13 PM IST
Pratahkal

Pratahkal

Next Story