उदयपुर। गीतांजलि डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के ओरल मेडिसिन एवं रेडियोलॉजी विभाग द्वारा इंडियन एकेडमी ऑफ ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को 'ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी : फ्रॉम बेसिक्स टू बेसिक्स' विषय पर राष्ट्रीय यूजी कॉन्फ्रेंस 2026 का भव्य आयोजन किया गया। देशभर के विभिन्न डेंटल कॉलेजों से आए लगभग 575 अंडरग्रेजुएट बीडीएस विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस अकादमिक समागम को एक नई ऊँचाई प्रदान की।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन गीतांजलि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राकेश कुमार व्यास के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में डॉ. व्यास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दंत चिकित्सा के क्षेत्र में ओरल मेडिसिन एवं रेडियोलॉजी की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने इसे दंत चिकित्सा की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह रोगों के प्रारंभिक निदान एवं प्रभावी उपचार में निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने उपस्थित भावी दंत चिकित्सकों को आधुनिक तकनीकों एवं शोध गतिविधियों के साथ निरंतर सामंजस्य बिठाकर अपने ज्ञान के विस्तार हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर गीतांजलि विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन जे. पी. अग्रवाल एवं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने आयोजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के अकादमिक कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों को शोध एवं नवाचार के लिए प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को भी सुदृढ़ करते हैं। गीतांजलि डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर ने विशेषज्ञों के साथ प्रत्यक्ष संवाद के अवसर को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ओरल मेडिसिन एवं रेडियोलॉजी का क्षेत्र निरंतर विकसित हो रहा है, जिसके लिए विद्यार्थियों का अनुसंधान गतिविधियों से जुड़े रहना अनिवार्य है।

कॉन्फ्रेंस के दौरान पेपर प्रेजेंटेशन, पोस्टर प्रेजेंटेशन, ग्रे सेल्स क्विज प्रतियोगिता, फोटोग्राफी, ड्राइंग एवं कैप्शन प्रतियोगिता जैसी अनेक शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता परिणामों के अनुसार, स्नैप रे फोटोग्राफी में रुकैया बोहरा ने द्वितीय पुरस्कार अर्जित किया। ग्रे सेल्स क्विज प्रतियोगिता में अर्शिया रशीद, धर्मांशु सत्यवना, सूर्यवीर सिंह पंवार एवं सलोनी गुप्ता की टीम प्रथम रही। पेपर प्रेजेंटेशन में अलिफयान हुसैन एवं चित्रा राणावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तिशिता थॉमस, मरियम बांकावाला एवं माहेक खंडेलवाल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। पोस्टर प्रेजेंटेशन में दीप भार्गव, वर्षा सोलंकी, हितांशी दुआ, प्रेक्षा जैन, प्रसुक जैन एवं सम्यक जैन प्रथम रहे, वहीं अनिशा खेमका, जपनीत कौर बग्गा, मोहम्मद फरीद अगवान, मुस्कान अहमद, प्रतिभा शर्मा एवं स्वाति गुप्ता को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने में मेंटर्स एवं फैकल्टी सदस्यों के योगदान के लिए विशेष आभार प्रकट किया गया।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story