गायत्री शक्तिपीठ उदयपुर में शुरू हुआ 'उत्कर्ष 2026' आवासीय शिविर
उदयपुर की युवा शाखा 'दिया' द्वारा आयोजित पांच दिवसीय शिविर में 50 बच्चे संस्कार, पारंपरिक खेल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

उदयपुर। उदयपुर स्थित गायत्री शक्तिपीठ सर्वऋतु विलास में गायत्री परिवार की युवा शाखा 'दिया' द्वारा आयोजित वार्षिक कार्यक्रम 'उत्कर्ष 2026' का शुभारंभ अत्यंत उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पांच दिवसीय इस विशेष आवासीय ग्रीष्मकालीन शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक मंगल शर्मा ने बताया कि शिविर में लगभग 50 बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं, जिन्हें भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों एवं संस्कारों की जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर के दौरान बच्चों के लिए एक आदर्श दिनचर्या निर्धारित की गई है, जिसमें उन्हें मोबाइल और टीवी के कृत्रिम परिवेश से दूर रखकर सकारात्मक एवं सृजनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रखा जाएगा। इस आवासीय कार्यक्रम में खेल, संवादात्मक व्याख्यान, एवं रचनात्मक गतिविधियों का समावेश किया गया है। सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखने के उद्देश्य से शाम के समय बच्चों को गुलाब बाग ले जाकर भारतीय संस्कृति से जुड़े पारंपरिक एवं पुराने खेलों का अनुभव कराया जाएगा।
व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास में वृद्धि करने हेतु शिविर में विशेषज्ञों द्वारा नृत्य, गायन, वादन, मंच संचालन एवं नाट्य कला जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह शिविर न केवल बच्चों को नई विधाओं से परिचित कराएगा, बल्कि उन्हें भारतीय जीवन दर्शन एवं संस्कारों के प्रति जागरूक कर उनके भविष्य को एक नई दिशा प्रदान करने का सार्थक माध्यम बनेगा।

