उदयपुर (प्रात:काल संवाददाता)। गौ सम्मान आह्वान राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत सोमवार को मेवाड़ और वागड़ अंचल में आस्था और संकल्प का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु हुंकार भरते हुए विभिन्न क्षेत्रों में विशाल रैलियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से उपखंड अधिकारियों को राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए। इन ज्ञापनों में प्रमुखता से गौ माता को 'राष्ट्र माता' और 'राष्ट्र आराध्य' का संवैधानिक दर्जा प्रदान करने, पृथक केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना करने तथा एक एकीकृत सुदृढ़ केंद्रीय कानून बनाने की पुरजोर मांग की गई।

धरियावद में अभियान का नेतृत्व करते हुए सर्व समाज के युवाओं और महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यहाँ रैली नगर के नसिया जैन मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई उपखंड कार्यालय पहुंची, जहाँ प्रदर्शनकारियों ने अभियान के बैनर और पोस्टरों के साथ अपनी मांगें रखीं। उधर, गंगापुर कस्बे में सोमवार सुबह पंचतीर्थ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति वाली इस यात्रा में भक्त भजनों की धुन पर झूमते रहे और कई श्रद्धालु अपने साथ गायों को लेकर शामिल हुए, जिससे संपूर्ण मार्ग भक्तिमय हो गया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

कपासन में आंदोलन ने तब और गति पकड़ी जब सांवलिया धाम आश्रम मुंगाना के महंत महामंडलेश्वर अनुजदास महाराज के सान्निध्य में पंचमुखी हनुमान मंदिर पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। केसरिया पताकाएं लहराते स्कूली विद्यार्थियों और बटुकों के साथ यह रैली पांच बत्ती चौराहा पहुंची, जहां उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम 42 हजार 162 गौ भक्तों के हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र सौंपे गए। भूपालसागर में भी आकोला नरसिंह मंदिर के महंत बजरंगदास महाराज एवं भूपालसागर नरसिंह मंदिर के महंत मुरलीदास महाराज के सान्निध्य में हजारों गौ-भक्तों और संत समाज ने गौ-सेवा के प्रति नई चेतना का संचार किया।

मावली तहसील के समस्त गांवों से आए सनातनी और गौ-प्रेमी पुराना बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और संकीर्तन रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसी क्रम में, नाथद्वारा की श्रीजी नगरी में व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने रिसाला चौक से गौ माता के सान्निध्य में रैली निकाली, जिसमें 'जय गौ माता, जय गोपाला' के उद्घोषों से आकाश गुंजायमान हो उठा। आमेट उपखंड मुख्यालय पर महामंडलेश्वर सीताराम दास महाराज, रामजी महाराज, मुमुक्षु राम महाराज, नन्दादास महाराज एवं रमेशदास महाराज के पावन सानिध्य में हजारों लोगों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। इस गौरवपूर्ण पहल ने न केवल शासन का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि समाज में गौ-वंश संरक्षण के प्रति एक निर्णायक संकल्प की नींव भी रखी।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story