गैंजी से रेंटा सड़क मार्ग पर स्थित उफनती नदी के रपटे पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक बस कम ऊंचाई की पुलिया को पार करते समय असंतुलित होकर नदी में गिरने की कगार पर पहुंच गई। समय रहते स्थिति नियंत्रित हो जाने से एक बड़ी जनहानि टल गई।

घटना के दौरान बस जैसे ही नीची रपटे को पार कर रही थी, वह अनियंत्रित हो गई और नदी में गिरने की स्थिति बन गई। इसी बीच मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर और क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस रपटे की कम ऊंचाई के कारण पहले भी इस मार्ग पर दो से तीन बार ऐसे ही गंभीर हालात बन चुके हैं, जिनमें बड़े हादसे टल चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में समाचार माध्यमों में भी आवाज उठाई गई थी, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस संबंध में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर भी कई बार शिकायतें की गई हैं। उनका कहना है कि संबंधित विभाग द्वारा केवल प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की जानकारी दी जाती है, जबकि स्थायी समाधान के लिए आवश्यक निर्माण कार्य अथवा रपटे की ऊंचाई बढ़ाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर असंतोष का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने पर यह मार्ग और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस रपटे की शीघ्र मरम्मत और ऊंचाई बढ़ाने की मांग दोहराई है, ताकि भविष्य में इस मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और निर्बाध रह सके।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story