गंगरार: फागणिया गांव में भील समाज के घरों पर जेसीबी से तोड़फोड़, ग्रामीणों का प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़ के गंगरार में भील समुदाय के घरों पर हुई तोड़फोड़ के बाद ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

गंगरार। उपखंड क्षेत्र की पंचायत तुम्बड़िया के फागणिया गांव में भील समाज के पुश्तैनी घरों पर प्रभावशाली लोगों द्वारा जेसीबी से की गई तोड़फोड़ के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपखंड मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी पुनीत कुमार गेलड़ा को ज्ञापन सौंपकर इस घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के विवरण के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव के 10-15 प्रभावशाली लोग जेसीबी मशीन लेकर फागणिया गांव पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि किसी भी पूर्व सूचना अथवा कानूनी नोटिस के बिना ही उक्त लोगों ने भील समाज के लोगों के घरों एवं बाड़ों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मौके पर मौजूद भील समाज के पुरुषों और महिलाओं ने इस मनमानी का कड़ा विरोध करते हुए बताया कि वे और उनके पूर्वज वर्षों से इसी स्थान पर निवास करते आ रहे हैं। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर आए इन लोगों ने महिलाओं और बच्चों के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उनके साथ धक्का-मुक्की भी की।
वहीं, दूसरी ओर तोड़फोड़ करने वाले लोगों का तर्क है कि भील समाज के लोगों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है, जिसे हटाया जा रहा है। पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इसी प्रकार की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसकी सूचना तत्कालीन अधिकारियों को दी गई थी, किंतु ठोस कार्रवाई के अभाव में यह समस्या पुन: सामने आई है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी साडास थाना अधिकारी को भी दी, जिसके बाद वे न्याय की गुहार लेकर उपखंड मुख्यालय पहुंचे। ज्ञापन सौंपने वालों में गोपाल लाल भील, कन्हैया लाल भील, घिसा, हरकू बाई, कंकू बाई, काली बाई, प्रेम और कमली सहित भील समाज के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और पीड़ित परिवार अब प्रशासन से सुरक्षा व उचित न्याय की बाट जोह रहे हैं।

