उदयपुर। शहर में सायबर ठगी के लिए फर्जी बैंक खाते खरीद–फरोख्त करने वाले नेटवर्क पर भूपालपुरा थाना पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सरगना रौनक कोठारी को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि ताज़ा कार्रवाई ने पूरे गिरोह की कार्यशैली और सायबर ठगों की गहरी पैठ को उजागर कर दिया।

थानाधिकारी आदर्श कुमार के अनुसार, पुलिस ने चोर्डिया इन्क्लेव के दूसरे फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर 208 पर दबिश दी, जहां से विश्वजीत सिंह, शुभम जैन और लक्ष्यराज सिंह को पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर उन्हें टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से सायबर ठगों को बेचते थे। इसके बदले उन्हें निश्चित कमीशन दिया जाता था। विश्वजीत सिंह दिग्विजय बन्ना (जयपुर), शुभम जैन लक्की भाई (जयपुर) और लक्ष्यराज सिंह विशु बन्ना उर्फ विश्वजीत सिंह (जयपुर) को खाते उपलब्ध कराते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपियों को यह पूरा नेटवर्क और तकनीक रौनक कोठारी निवासी मटून, हिरणमगरी ने उपलब्ध करवाई थी। रौनक न केवल गिरोह का लीडर था, बल्कि टेलीग्राम लिंक, यूजर नंबर और पूरे संचालन की मॉडस ऑपरेंडी समझाने में उसकी प्रमुख भूमिका थी। आरोपियों द्वारा मिलने वाले कमीशन में से एक हिस्सा भी रौनक को दिया जाता था। विश्वजीत सिंह से बरामद एक बैंक खाते पर 16 शिकायतें दर्ज मिलीं, जबकि अन्य दोनों के पास भी कई खातों की जानकारी बेचने के साक्ष्य मिले।

पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर रौनक कोठारी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे नेटवर्क के अन्य सदस्यों व फर्जी खातों की श्रृंखला के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई शहर में सक्रिय सायबर ठग गिरोहों पर पुलिस की बढ़ती निगरानी और कठोर कार्रवाई का संकेत देती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story