उदयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार शाम उदयपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मेवाड़ी परंपरा के अनुरूप गहलोत को मेवाड़ी पगड़ी, तिरंगी सूत की माला और उपरना पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन रणदीप धनखड़ सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

गहलोत के आगमन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। स्वागत के बाद उन्होंने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश मेघवाल से उनके निवास पर मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी। राजनीतिक मतभेदों से परे यह मुलाकात सौहार्द और संवेदना का उदाहरण बनी।

इसके पश्चात गहलोत एक निजी चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। दिन भर की व्यस्तता के बाद उन्होंने फतहसागर झील किनारे रोशन साहू की चाय की दुकान पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक चर्चा भी की, जिसमें स्थानीय राजनीति और संगठनात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

गहलोत के साथ अर्जुन बामनिया, सुरेंद्र सिंह झाड़ावत, दिनेश खोड़निया, पंकज शर्मा, नगराज मीणा, हीरालाल दरांगी, फतह सिंह राठौड़, कचरूलाल चौधरी, दिनेश श्रीमाली सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे और बुधवार सुबह वायुयान द्वारा जयपुर के लिए रवाना होंगे।

अशोक गहलोत की यह उदयपुर यात्रा न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही, बल्कि इसमें सामाजिक सरोकारों और आपसी सौहार्द की झलक भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story