उदयपुर में ट्रैक्टर पार्ट्स की चोरी का मामला, महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज
यह शोरूम और गोदाम वर्तमान में उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा सीज किए गए हैं। मालिक ने बताया कि गोदाम और शोरूम में ट्रैक्टर पार्ट्स सुरक्षित रखे जाते हैं और दिन-रात चौकीदार द्वारा बाहर से निगरानी की जाती है।

उदयपुर। शहर के सविना थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर शोरूम के गोदाम से लाखों रुपए मूल्य के ट्रैक्टर पार्ट्स चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में शोरूम के मालिक गिरवर लाल चौधरी ने महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार, गिरवर लाल चौधरी, पुत्र कालूराम चौधरी, निवासी 80 फिट रोड, क्रिस्टल प्लाजा सेक्टर 9 ने बताया कि उनका शोरूम 'रिद्वी सिद्वी एग्रो इंजीनियर्स' तितरड़ी चौराहे पर स्थित है, जिसके पास ही उनका पार्ट्स गोदाम भी है। यह शोरूम और गोदाम वर्तमान में उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा सीज किए गए हैं। मालिक ने बताया कि गोदाम और शोरूम में ट्रैक्टर पार्ट्स सुरक्षित रखे जाते हैं और दिन-रात चौकीदार द्वारा बाहर से निगरानी की जाती है।
घटना के अनुसार, 28 सितंबर को गोदाम पर तैनात चौकीदार ने बाईक से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि गोदाम के पीछे खेत और झाड़ियों में दो महिलाएं ट्रैक्टर के पार्ट्स को प्लास्टिक की कट्टियों में भरकर ले जा रही थीं। चौकीदार ने तुरंत मालिक को सूचना दी।
सूचना मिलने पर गिरवर लाल अपने पुत्र प्रकाश और चौकीदार योगेश तेली के साथ गोदाम पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिलाएं हाथ में कट्टे लेकर खेतों की ओर जा रही थीं। उन्हें रोकने के लिए चौकीदार को पीछे भेजा गया, जिस पर एक महिला भाग गई, जबकि दूसरी महिला पकड़ ली गई। जांच में पता चला कि चोरी करने वाली महिलाएं गोदाम के पीछे वाले गेट को तोड़कर रात के समय अंदर प्रवेश कर चुकी थीं और ट्रैक्टर के पार्ट्स चोरी करके पास ही के खेतों में छुपा रही थीं।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि चोरी में कालबेलिया समुदाय की महिलाओं के शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से बरामद पार्ट्स और महिलाएं अब पुलिस हिरासत में हैं।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
