भीलवाड़ा (प्रात:काल संवाददाता)।

जिले के बिजौलियां थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी वारदात करने से नहीं हिचकिचा रहे हैं। बुधवार रात कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड पर स्थित एक रेस्टोरेंट में चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, राणाजी का गुढ़ा गांव निवासी श्याम पाराशर का बिजौलियां रोडवेज बस स्टैंड पर “श्याम रेस्टोरेंट” नाम से प्रतिष्ठान है। रोजाना की तरह पाराशर ने बुधवार देर रात रेस्टोरेंट बंद कर ताला लगाया और घर लौट गए। रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए रेस्टोरेंट के ताले चटकाए और अंदर घुसकर दो गैस सिलेंडर सहित परचूनी सामान चुरा ले गए। चोरी की यह वारदात तब सामने आई जब पाराशर सुबह रेस्टोरेंट पहुंचे और टूटे ताले देखकर दंग रह गए।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद बिजौलियां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश की कवायद शुरू कर दी है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त की कमी के कारण चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थानों पर भी अपराधी निडर होकर सक्रिय हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

बिजौलियां कस्बे में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों ने न केवल व्यापारिक समुदाय बल्कि स्थानीय निवासियों को भी चिंता में डाल दिया है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story