उदयपुर जिले के फतहनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 65 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोर मकान की छत पर लगे फोल्डिंग जंगले को खोलकर घर में घुसे और अलमारियों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के आभूषण लेकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार फतहनगर वार्ड 17 निवासी सुरेश सोनी अपनी बेटी के ससुराल नाथद्वारा में किसी के निधन पर आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। इस कारण उनका मकान पूरी तरह सूना था। वहीं सुरेश सोनी का बेटा गोपाल सोनी उदयपुर रेलवे में लोको पायलट के रूप में कार्यरत है और घटना के समय वह उदयपुर में था।

रात के दौरान अज्ञात चोर रस्सी की सहायता से मकान की छत पर पहुंचे। छत पर लगे फोल्डिंग जंगले को खोलकर वे घर के भीतर कूद गए। इसके बाद चोरों ने मकान के सभी कमरों की तलाशी ली और अलमारियों के ताले तोड़ दिए। घर के अंदर रखा सामान बिखेरते हुए चोरों ने दो कमरों की अलमारियों में रखे करीब 400 ग्राम सोने के जेवरात तथा करीब दो किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब सुरेश सोनी के घर के पास रहने वाले उनके भाई गिरधारी सोनी ने अपनी छत से मकान का जंगला खुला देखा। उन्होंने तुरंत फोन कर इसकी सूचना दी। वहीं मकान के बाहर लटक रही रस्सी देखकर पड़ोसियों ने भी सुरेश सोनी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर सुरेश सोनी नाथद्वारा से फतहनगर पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और लाखों रुपए के जेवरात गायब थे।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाने से जाब्ता मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

फतहनगर में हुई इस बड़ी चोरी की वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। करीब 65 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है और मामले की जांच जारी है।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story