फतेहनगर स्कूल में शिक्षकों की कमी: छात्र-अभिभावक परिषद ने शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
विद्यालय में व्याख्याताओं के 11 पद रिक्त होने से पढ़ाई प्रभावित, मंत्री मदन दिलावर ने त्वरित नियुक्ति और समाधान का आश्वासन दिया।

जयपुर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात करते छात्र-अभिभावक परिषद के प्रतिनिधि, जिन्होंने फतेहनगर विद्यालय में रिक्त पदों को भरने की मांग की।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फतेहनगर में शिक्षकों की भारी कमी का मुद्दा गंभीर रूप से उठाते हुए छात्र-अभिभावक परिषद के प्रतिनिधियों ने राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के अभाव के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और शिक्षण व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है।
प्रतिनिधियों ने मंत्री को बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 11 व्याख्याताओं (लेक्चरर) के पद रिक्त हैं। इसके अतिरिक्त आधा दर्जन से अधिक अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पद भी खाली पड़े हैं, जिससे संपूर्ण शैक्षणिक ढांचा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान फतेहनगर विद्यालय का नाम प्रदर्शित नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान छात्र-अभिभावक परिषद की ओर से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की गई। मंत्री मदन दिलावर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर किया जाएगा और आवश्यक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने भामाशाह योजना के अंतर्गत श्री ओम प्रकाश अग्रवाल द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी मंत्री को विस्तार से दी। मंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
