वर्षों से भूमि के पट्टों की प्रतीक्षा कर रहे संजय कॉलोनी (कच्ची बस्ती) के निवासियों का धैर्य बुधवार को सड़क पर दिखाई दिया। अपने अधिकारों की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष हाथों में तख्तियां लेकर रैली के रूप में निकले और नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ परिसर में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के समक्ष अपनी लंबे समय से चली आ रही समस्या को प्रमुखता से उठाया।

शिविर में पहुंचे बस्तीवासियों ने बताया कि वे पिछले करीब चार दशकों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। उनके मकान बने हुए हैं, नगरपालिका का विधिवत वार्ड भी अस्तित्व में है और क्षेत्र के लोगों को विभिन्न नागरिक सुविधाओं का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। इसके बावजूद आज तक उन्हें भूमि के स्वामित्व से जुड़े पट्टे जारी नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों और बस्तीवासियों का कहना था कि इस संबंध में कई बार मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान सामने नहीं आया।

दरअसल, संजय कॉलोनी की पूरी बस्ती चारागाह भूमि पर बसी हुई है। यही कारण है कि कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी जटिलताओं के चलते यहां के निवासी वर्षों से पट्टों से वंचित हैं। शहरी समस्या समाधान शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनकी समस्या का स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरपालिका की अधिशाषी अधिकारी छैल कंवर चारण ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक को पत्र प्रेषित किया और आवश्यक मार्गदर्शन तथा दिशा-निर्देश मांगे। उन्होंने बस्तीवासियों को आश्वस्त किया कि शासन स्तर से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उनके अनुरूप नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

रैली और शिविर के दौरान बस्तीवासियों में अपने अधिकारों को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने एकजुट होकर कहा कि 40 वर्षों से अधिक समय से निवास करने के बावजूद पट्टों का अभाव उनके लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। अब उनकी निगाहें शासन और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं, जिससे इस लंबे समय से लंबित मुद्दे का समाधान निकल सके।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story