फतहनगर: श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर में नवाह्नपारायण रामायण पाठ का दूसरा दिन
भगवा सर्कल स्थित मंदिर में नारद मोह भंग और राम जन्मोत्सव प्रसंग का सस्वर पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और गणमान्य जनों ने भाग लिया।

फतहनगर के श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर में आयोजित नवाह्नपारायण रामायण पाठ के दूसरे दिन मुख्य व्यासपीठ से सस्वर पाठ करते मोहनसिंह भाटी, दिनेश गर्ग और अन्य श्रद्धालु।
फतहनगर। प्रभु प्रेरणा एवं पाठकों की सहभागिता से स्थानीय भगवा सर्कल स्थित श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर पर आयोजित नवाह्नपारायण रामायण पाठ के दूसरे दिन शुक्रवार को भक्तिमय माहौल रहा। आयोजन के तहत आज नारद मोह भंग, रावण आदि के जन्म, राम जन्मोत्सव, करुणामय अहिल्या उद्धार एवं पुष्पवाटिका दर्शन प्रसंगों का हर्षोल्लास के साथ पाठ किया गया।
सामूहिक पाठ में उमड़ी श्रद्धालुओं की उत्सुकता
श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर पर पहली बार आयोजित इस पवित्र पाठ में नगर के गणमान्य पुरुष एवं महिला पाठकों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई। सभी श्रद्धालुओं ने उत्सुकता से सामूहिक रूप में एक साथ बैठकर इस पावन रामायण पाठ का आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
विद्वानों के सानिध्य में मंत्रोच्चार और सस्वर पाठ
पूजन और आव्हान सुबोध पाराशर द्वारा शास्त्रोक्त मंत्रोच्चार के साथ संपन्न करवाया गया। मुख्य व्यासपीठ से आज वयोवृद्ध मोहनसिंह भाटी के सानिध्य में मानस पाठ दिनेश गर्ग, नटवरलाल अग्रवाल एवं भगवान लाल माली ने इन प्रसंगों पर सस्वर, तल्लीनता एवं लय से सभी को बांधे रखा। आयोजन की गरिमा इन विद्वान पाठकों की प्रस्तुति से और अधिक बढ़ गई।
महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ द्वितीय दिन का विश्राम
द्वितीय दिन के विश्राम के बाद रामायण जी एवं हनुमानजी की महा आरती पं. सीताराम शर्मा द्वारा की गई एवं सभी को प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित सभी भक्तों ने "सियावर रामचंद्र की जय" के जयघोष के साथ धर्म लाभ लिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
