फतहनगर। फतहनगर थाना क्षेत्र के लदानी गाँव स्थित टेरिया में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दुस्साहसिक लूट की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने चार तोला सोने के जेवर लूटने के साथ ही विरोध करने पर गृहस्वामी को सरिये से घायल कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटना के अनुसार, टेरिया निवासी मांगीलाल डांगी पुत्र हेमराज अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे, तभी तीन-चार बदमाश दीवार कूदकर परिसर में दाखिल हुए। शातिर बदमाशों ने पूर्व नियोजित तरीके से पहले आसपास के अन्य मकानों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि परिवार को कोई सहायता न मिल सके। घर के भीतर प्रवेश करते ही एक बदमाश ने लोहे का सरिया हाथ में लेकर मांगीलाल के पास मोर्चा संभाल लिया।

इस बीच, अन्य बदमाशों ने पास ही सो रही वृद्धा दाखी बाई के कानों के टॉप्स और नथ झटके से खींचकर तोड़ लिए। इसके बाद उन्होंने समीप ही सो रही दूसरी वृद्धा लोगरी बाई के भी सोने के जेवर, नथ और मादलिया छीन लिए। जेवर छीने जाने के कारण हुई पीड़ा से वृद्धाएं चिल्लाने लगीं, जिनकी आवाज सुनकर मांगीलाल की नींद खुल गई। जैसे ही वे उठकर बैठे, पास खड़े बदमाश ने उन पर लोहे के सरिये से घातक प्रहार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर फतहनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया। घायल मांगीलाल को तत्काल उपचार के लिए फतहनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ उनके सिर पर छह टांके आए। शनिवार को घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों का घायलों का कुशलक्षेम जानने के लिए उनके घर पर तांता लगा रहा। स्वयं घायल मांगीलाल डांगी ने इस दुस्साहसिक वारदात की जानकारी दी है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story