फतहनगर थानांतर्गत लदानी गाँव के टेरिया क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो बजे अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने पूर्व नियोजित तरीके से खौफनाक कदम उठाते हुए सबसे पहले गाँव के अन्य मकानों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न आ सके। इसके बाद करीब तीन-चार चोर टेरिया निवासी मांगी लाल डांगी पिता हेम राज के घर की दीवार कूदकर भीतर दाखिल हो गए।

बदमाशों ने घर का मुख्य दरवाजा खोल दिया और एक चोर लोहे का सरिया तानकर सो रहे मांगी लाल के पास तैयार खड़ा हो गया। इसी बीच, दूसरे चोर ने पास ही सो रही वृद्धा दाखि बाई के कान के टॉप्स और नाक की नथ झटके से खींचकर तोड़ ली। वारदात को आगे बढ़ाते हुए बदमाशों ने उनके पास ही सो रही दूसरी वृद्धा लोगरी बाई के सोने की नथ और मादलिया भी बलपूर्वक तोड़ लिए। अचानक नाक और कान से खून बहने और असहनीय दर्द होने के कारण वृद्धाएं दर्द से चिल्लाने लगीं।

वृद्धाओं के चीखने की आवाज सुनकर जैसे ही मांगी लाल डांगी नींद से जागकर उठ बैठा, पास ही लोहे का सरिया लेकर मुस्तैद खड़े चोर ने बेरहमी से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया। इस हमले में मांगी लाल लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद चोर करीब चार तोला सोने के जेवर समेटकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के तत्काल बाद फतहनगर पुलिस थाने में मामले की सूचना दी गई, जिस पर पुलिस जाब्ता ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रशासन द्वारा गंभीर रूप से घायल मांगी लाल को तत्काल फतहनगर चिकित्सालय भिजवाया गया, जहाँ उनके सिर पर आए गहरे घाव के कारण छह टांके लगाए गए और दवाइयां उपलब्ध कराकर प्राथमिक चिकित्सा दी गई। घटना की यह पूरी आपबीती और जानकारी स्वयं घायल मांगी लाल डांगी ने दी है।

शनिवार को दिनभर जैसे-जैसे इस खौफनाक वारदात के समाचार क्षेत्र में फैलते गए, वैसे-वैसे ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त हो गया। पीड़ित परिवार के घर पर दिनभर ग्रामीणों का ताँता लगा रहा और लोग लगातार घायलों की कुशलक्षेम पूछने पहुँचते रहे। इस सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story