फतहनगर: अक्षय तृतीया पारणा महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, तपस्वियों का होगा बहुमान
जैन श्रावक संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में 121 तपस्वियों के पारणे होंगे। गायिका निशा हिंगड़ और लवेश बुरड़ ने भजनों से समां बांधा।

श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ फतेहनगर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अक्षय तृतीया पारणा महोत्सव का आगाज रविवार को असीम श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। भक्ति की गूंज और मेहंदी-चौबीसी के मांगलिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुए इस महोत्सव ने मेवाड़ सहित देश के विभिन्न कोनों से आए श्रद्धालुओं को आस्था के एक सूत्र में पिरो दिया। आयोजन के प्रथम दिन भीलवाड़ा की प्रख्यात भजन गायिका निशा हिंगड़ एवं म्यूजिकल ग्रुप ने दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक गुरु अंबेश और गुरु सौभाग्य को समर्पित भजनों की ऐसी अमृत वर्षा की कि उपस्थित श्रावक-श्राविकाएं भावविभोर होकर झूम उठे। साध्वियों के पावन सानिध्य और समाज के गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने इस धार्मिक समागम की गरिमा को द्विगुणित कर दिया।
श्रद्धा का यह सैलाब शाम को भी अनवरत जारी रहा, जहां श्रद्धालुओं ने सामूहिक गौतम प्रसादी का लाभ लिया। रात्रि 8 बजे "एक शाम भगवान आदिनाथ के नाम" भक्ति संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें इंदौर से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक लवेश हिमांशु बुरड़ एवं म्यूजिकल ग्रुप ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। महोत्सव के दूसरे और मुख्य दिन यानी सोमवार को सुबह 8:30 बजे से उपप्रवर्तक कमल मुनि म.सा. एवं साध्वी विजय प्रभा म.सा. सहित अन्य संत-साध्वियों के ओजस्वी प्रवचन होंगे। इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण 121 से अधिक वर्षी तपस्वियों के पारणे और उनका बहुमान समारोह रहेगा, जो दोपहर 12 बजे तक संपन्न होगा। तदुपरांत दोपहर 12:30 बजे से पुनः गौतम प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
समारोह की अध्यक्षता मुंबई के पारसमल बाफना करेंगे, जबकि फलीचड़ा के नेमीचंद धाकड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। ध्वजारोहण का गौरव अशोक कुमार सिंघवी परिवार को प्राप्त हुआ है और स्वागताध्यक्ष की भूमिका सनवाड़ का कुंदनमल सेठिया परिवार निभाएगा। इस पुनीत अवसर पर मनोहर लाल लोढ़ा, दिनेश कुमार सिंघवी, आनंद कुमार चपलोत, सुरेश चंद्र सिंघवी, लोकेश कुमार मादरेचा, गणेश लाल मेहता, सुरेंद्र सिंह एवं कमलेश कुमार दूगड़ जैसे विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। प्रथम पारणा इक्षु रस का लाभ श्री अंबेश गुरु नमन यात्रा सेवा संस्थान (गुजरात) को प्राप्त हुआ है, जबकि अन्य लाभार्थी श्री फतेहनगर जैन मित्र मंडल (मुंबई) रहेंगे। यह संपूर्ण आयोजन न केवल धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह सेवा, भक्ति और सामाजिक एकता की एक जीवंत मिसाल बनकर उभरा है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
