फतहनगर। आध्यात्मिक चेतना के केंद्र श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर पर प्रभु इच्छा, पूज्य सद्गुरुदेव की प्रेरणा एवं मानस पाठकों की सहभागिता से आयोजित नौ दिवसीय सामुहिक श्री नवाह्नपारायण रामायण पाठ का आध्यात्मिक प्रवाह निरंतर जारी है। 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक चलने वाले इस अनुष्ठान के चौथे दिन आज श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ अयोध्या कांड के अत्यंत भावुक और मर्मस्पर्शी प्रसंगों में प्रवेश किया।

प्रतिदिन प्रातः 07 से 11 बजे तक आयोजित होने वाले इस पाठ के अंतर्गत आज कैकेयी संवाद, श्री राम का वनवास गमन, निषाद राज एवं केवट के अनन्य प्रेम के करुणामय प्रसंगों सहित तापस मिलन प्रकरण का सस्वर और मार्मिक पाठ किया गया। इन प्रसंगों की प्रस्तुति के दौरान उपस्थित जनसमूह भक्ति रस में सराबोर नजर आया। नगर की चारों दिशाओं से उमड़े पुरुष एवं महिला पाठकों ने एक साथ बैठकर लयबद्ध तरीके से पाठ करते हुए परम आनंद की अनुभूति की।

धार्मिक विधान के अनुरूप कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ श्री सुबोधजी पाराशर द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं आव्हान के माध्यम से संपन्न कराया गया। आयोजन की गरिमा को बढ़ाते हुए आज मुख्य व्यासपीठ पर मानस पाठक श्री श्यामलाल जी शर्मा, श्री नटवरलाल जी अग्रवाल एवं श्री अशोक जी अग्रवाल ने विराजित होकर पाठ के नेतृत्व का उत्तरदायित्व पूरी निष्ठा के साथ निभाया।

अनुष्ठान के चतुर्थ दिवस की पूर्णाहुति पर विश्राम के पश्चात पंडित श्री सीताराम जी शर्मा द्वारा श्री रामायण जी एवं हनुमान जी की महाआरती उतारी गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि सामूहिक सस्वर पाठ के माध्यम से संपूर्ण नगर में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरण का संचार कर रहा है।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story