फतहनगर में हनुमान जयंती पर भव्य शोभायात्रा, झांकियों और ढोल के साथ उमड़ा जनसैलाब
द्वारकाधीश मंदिर से सिद्ध हनुमान मंदिर तक निकली शोभायात्रा में नासिक के ढोल और आकर्षक झांकियां रहीं मुख्य आकर्षण, महाआरती के साथ हुआ आयोजन का समापन।

फतहनगर। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर फतहनगर नगर धर्ममय रंग में रंग गया। पूरे नगर में उत्सवी माहौल के बीच भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
शोभायात्रा का मार्ग और भव्य आगाज
शोभायात्रा का आगाज शाम 4:00 बजे नगर के प्रमुख द्वारकाधीश मंदिर से हुआ। यात्रा उदयपुर रोड, हिमाड़िया बावजी, सरदार पटेल स्टेडियम, दांत माता मंदिर, प्रताप चौराहा, नया बाजार, अस्पताल रोड, सब्जी मंडी, बस स्टैंड होते हुए कृषि मंडी से सिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण
शोभायात्रा के विशेष आकर्षणों में घुड़सवारों की टुकड़ी, डीजे पर भजनों की प्रस्तुतियां, प्रभु श्रीनाथजी का विशाल कटआउट, राणा पूजा की झांकी सहित करीब एक दर्जन आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। वहीं नासिक के ढोल वादकों ने अपनी नायाब प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। हनुमान जन्मोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन में विभिन्न स्थानों की झांकियों ने धार्मिक संदेशों का संप्रेषण किया। शोभायात्रा में जोश, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समापन और मंदिर में विशेष आयोजन
कार्यक्रम का समापन सिद्ध हनुमान मंदिर पर महा आरती के साथ हुआ। महा आरती के पश्चात श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सिद्ध हनुमान मंदिर में प्रातःकाल बालाजी का विशेष श्रृंगार कर महा आरती की गई। वहीं अखाड़ा मंदिर में भी दिनभर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर श्रद्धालुओं ने हनुमान जयंती का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
